उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, 60 से ज्‍यादा मरे
Advertisement

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, 60 से ज्‍यादा मरे

देश के उत्तरी और उत्तर पूर्वी हिस्से में कोहरे का कोहराम और शीतलहर का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। उत्‍तर प्रदेश, बिहार समेत पूरे उत्‍तर भारत में शीतलहर के प्रकोप से अब तक 60 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली : देश के उत्तरी और उत्तर पूर्वी हिस्से में कोहरे का कोहराम और शीतलहर का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। उत्‍तर प्रदेश, बिहार समेत पूरे उत्‍तर भारत में शीतलहर के प्रकोप से अब तक 60 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

शीतलहर का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में देखा गया जहां पिछले दो दिनों में ठंड से 47 लोगों की मौत हो गई। बिहार से 11 और पंजाब से तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है। कोहरे के कारण त्रिपुरा में एक सड़क हादसे में तीन लोग मारे गए। कोहरा का रेल एवं सड़क यातायायात पर बुरा असर पड़ा है। रेलवे कुछ रेल गाड़ियां रद्द कर दी हैं और कुछ के परिचालन समय में बदलाव किया जा रहा है। मौसम विभाग ने जनवरी में शीत लहर के और तेज होने की चेतावनी दी है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय इलाकों लाहौल और स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला जिलों में गुरुवार को हल्का हिमपात हुआ। लाहौल एवं स्पीति के केलांग में 1 से.मी. हिमपात दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में सुबह धुंध छाई रही। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटेगा पर सर्दी बढ़ेगी। गुरुवार सुबह 8.30 बजे वातावरण में आद्र्रता 87 प्रतिशत और दृश्यता लगभग 800 मीटर रही।
उत्‍तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में 47 लोगों की मौत हो गई। पूर्वाचल में 18, अवध में 14, मध्य उप्र में सात और बरेली मंडल में आठ लोगों की जान गई। सूबे में कानपुर देहात सबसे अधिक सर्द स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया।
बिहार में पछुआ हवाओं ने राज्य में कंपकंपी बढ़ा दी है। आसमान साफ रहने के बावजूद लोगों को ठंड की चुभन महसूस हो रही है। गुरुवार को गया राज्य का सबसे सर्द स्थान साबित हुआ जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया। कोहरे के कारण रेलवे ने सीतामढ़ी से आनंद विहार जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस और दिल्ली-पटना राजधानी एक्सप्रेस के अलावा नंदन कानन एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है। कुछ रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया जा रहा है।
वहीं, मध्य प्रदेश में उत्तर से आती हवा के कारण सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम कोहरा छाए रहने से लोगों को परेशानियां हो रही हैं।

Trending news