कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में भव्य झांकियां सजी

पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। रांची के प्रसिद्ध लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी निकाली जाएगी और रात्रि बारह बज भगवान की आरती की जाएगी।

नई दिल्ली/रांची: पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। रांची के प्रसिद्ध लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी निकाली जाएगी और रात्रि बारह बज भगवान की आरती की जाएगी।
अग्रसेन मार्ग पर श्याम मंदिर में श्याम प्रभु की भव्य झांकी सजाई गई है और वहां कृष्ण की लीलाओं को दिखाने की भी व्यवस्था की गई है। रांची की रानी सती मंदिर , कृष्णा नगर में राधाकृष्ण मंदिर में भी भजन कीर्तन का आयोजन किया गया है।
इसके अलावा प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर , दुर्गा मंदिर एवं द्वारकाधीश मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। शहर के सभी मंदिरों में रात्रि बारह बजे श्रीकृष्ण जन्म और भजनकीर्तन की व्यवस्था की गई है। इन आयोजन को देखने के लिए शहर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कृष्ण जन्मोत्सव समिति ने शुक्रवार को एल्बर्ट एक्का चौक पर दही हांडी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया है, जिसमें बड़ी संख्या में युवकों के शामिल होने की संभावना है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.