पाकिस्‍तान ने रोकी 'पैगाम-ए-अमन’ बस सेवा

पाकिस्तान ने पाक अधिकृत कश्मीर और जम्मू-कश्मीर के बीच ‘पैगाम-ए-अमन’ बस सेवा को निलंबित किया। पाकिस्‍तान ने शुक्रवार को पुंछ और रावलकोट के बीच चलने वाली बस सेवा पर रोक लगा दी है।

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो
श्रीनगर/नई दिल्‍ली : पाकिस्तान ने पाक अधिकृत कश्मीर और जम्मू-कश्मीर के बीच ‘पैगाम-ए-अमन’ बस सेवा को निलंबित किया। पाकिस्‍तान ने शुक्रवार को पुंछ और रावलकोट के बीच चलने वाली बस सेवा पर रोक लगा दी है। वहीं, सीजफायर उल्‍लंघन की निरंतर घटना के बाद भारत-पाक सीमा पर नियंत्रण रेखा के निकट हालात तनावपूर्ण बना हुआ है।
सीमा पार यात्रा के लिए एक बड़े झटके के तहत पाकिस्तान ने शुक्रवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और जम्मू-कश्मीर के बीच चलने वाली बस सेवा ‘पैगाम-ए-अमन’ को स्थगित करने का फैसला किया। यह बस सेवा सोमवार से बंद कर दी जाएगी।
पुंछ में व्यापार संचालन अधिकारी (टीएफओ) अब्दुल हामिद शेख ने बताया कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा के आर-पार चाकन दा बाग (जम्मू और कश्मीर) से रावलकोट (पाक अधिकृत कश्मीर) के बीच चलने वाली बस सेवा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को नियंत्रण रेखा के आर-पार यात्रा के लिए कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इस बस सेवा और नियंत्रण रेखा के आर-पार व्यापार को दोबारा शुरू करने के बारे में हमें कोई समयावधि नहीं दी गई है।
गौर हो कि दस दिनों के भीतर पाकिस्‍तान ने चौथी बार तोड़ा संघर्ष विराम का उल्‍लंघन किया है। इस बीच, अधिकारियों ने कहा कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त को पाकिस्तान विदेश विभाग ने नियंत्रण रेखा पर कल की घटना को लेकर तलब किया है।
उधर, पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से बार बार युद्धविराम का उल्लंघन करने के कारण भारत-पाक सीमा पर तनाव बरकरार है और सेना पूरी तरह चौकस है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के साथ लगती सीमा रेखा पर तनाव है, लेकिन स्थिति नियंत्रण (जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर) में है। पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गुरुवार को फिर से युद्धविराम का उल्लंघन करने और सीमा पार व्यापार के लिए दरवाजे बंद करने के कारण तनाव और बढ़ गया। अधिकारी ने कहा कि सेना सीमा पर पूरी सतर्कता बरत रही है और वह चौबीसों घंटे चौकस है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल आरके पाल्टा ने कहा कि भारत-पाक सीमा पर आज सुबह युद्धविराम का कोई उल्लंघन नहीं हुआ। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल शाम पांच बजे से रात साढ़े नौ बजे तक युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के कृष्णाघाटी सेक्टर में भारतीय चौकियों पर मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की।
उन्होंने कहा कि देश की सीमा की सुरक्षा कर रहे भारतीय जवानों ने भी जवाबी गोलाबारी की। भारतीय पक्ष से कोई हताहत नहीं हुआ। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत की नौ चौकियों- चतरी, अटमा, हेलमेट, प्रकाश, क्षतियाल, खेरा-1, खेरा-2, रोशनी और गुनहिल पर गोलीबारी की। भारत की सीमा में घुसपैठ करके दो भारतीय जवानों की निर्मम हत्या करने के बाद से पाकिस्तानी सैनिक पुंछ में तीन बार युद्ध विराम का उल्लंघन कर चुके हैं। ज्ञात हो कि 2012 में पाकिस्‍तान ने 117 बार संघर्ष विराम का उल्‍लंघन किया।
इससे पहले, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम के उल्लंघन को गम्भीर चिंता का कारण करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि देश पाकिस्तान के साथ लगने वाली पूरी सीमा पर करीब से नजर बनाए हुए है। एंटनी ने संवाददाताओं से कहा कि हम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। हमारे लोग सावधान हैं। युद्धविराम का उल्लंघन गम्भीर चिंता का कारण है। हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने हितों और सैनिकों की रक्षा तथा देश की सेना के सम्मान के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।
गौर हो कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर दो भारतीय सैनिकों की हत्या और एक का शव क्षत-विक्षत करने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं और पूरे देश में लोगों के बीच आक्रोश बना हुआ है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.