भारत ने स्‍नोडेन के शरण देने की अपील को ठुकराया

स्नोडेन की शरण की अपील को भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को ठुकरा दिया है। गौर हो कि स्‍नोडेन ने भारत सहित 14 अन्य देशों में राजनीतिक शरण मांगी है।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
नई दिल्‍ली : अमेरिका की खुफिया जानकारी लीक करने वाले एडवर्ड स्नोडेन ने मॉस्को में भारतीय दूतावास के जरिए भारत में शरण दिए जाने का अनुरोध किया। स्नोडेन की शरण की अपील को भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को ठुकरा दिया है। गौर हो कि स्‍नोडेन ने भारत सहित 14 अन्य देशों में राजनीतिक शरण मांगी है। इस पर भारत ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भारत राजनीतिक शरण वालों के लिए `खुला घर` नहीं है। एमईए के अनुसार, भारत ने शरण देने संबंधी स्नोडेन का अनुरोध अस्वीकार कर दिया।
इससे पहले, विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि उन्हें स्नोडेन के भारत में शरण मांगने की जानकारी नहीं है। खुर्शीद ने कहा कि सुनी-सुनाई बात पर मैं बयान नहीं दूंगा। भारत ने पहले राजनीतिक शरण दी हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि हमारे दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। खुर्शीद के बयान से स्पष्ट था कि भारत स्नोडेन को राजनीतिक शरण नहीं देगा।
स्नोडेन के शरण मांगने का खुलासा विकिलीक्स ने किया। अन्य देश जहां स्नोडेन (30) ने शरण मांगी है, इसमें ऑस्ट्रिया, बोलीविया, ब्राजील, चीन, क्यूबा, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, निकारागुआ, नार्वे, पोलैंड, रूस, स्पेन, स्विटजरलैंड व वेनेजुएला। स्नोडेन आयरलैंड व इक्वाडोर में पहले ही शरण मांग चुके हैं।
विकिलीक्स का कहना है कि अमेरिका के पूर्व सीआईए एजेंट और खुफिया निगरानी कार्यक्रम प्रिज्म का खुलासा करने वाले एडवर्ड स्नोडेन ने रूस में भी शरण मांगी है। स्नोडेन की ओर से यह निवेदन ब्रिटेन की नागरिक सारह हैरिसन ने किया है। सारह विकिलीक्स की सदस्य है तथा स्नोडेन का प्रतिनिधित्व कर रही है।
रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन ने सोमवार को संकेत दिया था कि अगर स्नोडेन और खुलासे करना बंद कर दे तो उसे शरण दी जा सकती है। पुलिस ने कहा था कि यहां रुकने की एक ही शर्त है उसे हमारे सहयोगी अमेरिका को नुकसान पहुंचाना बंद करना होगा। इससे पहले पुतिन ने इनकार किया था कि स्नोडेन क्रेमलिन के एजेंडे पर काम कर रहा है। उन्होंने उसे अमेरिका को सौंपने से भी इनकार किया था।
गौरतलब है कि स्नोडेन पर अमरीकी जासूसी कानून का उल्लंघन करने का आरोप है। स्नोडेन ने जो दस्तावेज पेश किए हैं उनके अनुसार सीआईए ने जिन 38 टारगेट की जासूसी की जिसमें भारतीय दूतावास भी एक था।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.