महाकुम्भ में धर्म संसद की तैयारियां जोरों पर

उत्तर प्रदेश की प्रयागनगरी संगम तट पर 5 से 7 फरवरी के बीच विश्व हिंदु परिषद (विहिप) द्वारा आयोजित किए जाने वाले धर्म संसद की तैयारियां जोरों पर है।

ज़ी न्यूज़ ब्यूरो
संगम (इलाहाबाद) : उत्तर प्रदेश की प्रयागनगरी संगम तट पर 5 से 7 फरवरी के बीच विश्व हिंदु परिषद (विहिप) द्वारा आयोजित किए जाने वाले धर्म संसद की तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर सेक्टर छह में बने विहिप के शिविरों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महाकुम्भ में आयोजित होने वाले इस धर्म संसद में देश के सभी प्रसिद्ध संत, महात्मा और धर्माचार्य एकत्रित हो रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के भी इस धर्म संसद में शामिल होने की सम्भावना है।
राजनीति से इतर दुनिया के इस सबसे बड़े धार्मिक मेले में श्रद्धालु उत्साह के साथ आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक शनिवार को करीब साढ़े पांच लाख लोगों के संगम में स्नान करने की सम्भावना है। मेले की शुरुआत के 19वें दिन भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को करीब चार लाख लोगों ने संगम में डुबकी लगायी।
राज्य के पुलिस महानिदेशक अम्बरीश चंद्र शर्मा ने भी शनिवार को महाकुम्भ में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उन्होंने अधिकारियों को महाकुम्भ के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी के दौरे के बाद से ही मेले की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और एटीएस की टीमों को जगह-जगह तैनात किया गया है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.