मोदी का पार्टीजनों को मंत्र-सभी वर्गों को अपने से जोड़ें
Advertisement

मोदी का पार्टीजनों को मंत्र-सभी वर्गों को अपने से जोड़ें

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करना चाहती है और पार्टी को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ जोड़ने तथा अपने जनाधार का विस्तार करने में जुट जाना चाहिए।

नई दिल्ली : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करना चाहती है और पार्टी को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ जोड़ने तथा अपने जनाधार का विस्तार करने में जुट जाना चाहिए।
लोकसभा चुनावों की पार्टी की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए यहां हुई भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकरियों, प्रदेश अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘देश का पूरा माहौल कांग्रेस के खिलाफ बना हुआ है। देश की जनता कांग्रेस पार्टी को सत्ता से बेदखल करना चाहती है। उसे भाजपा ही विकल्प के रूप में नजर आ रही है।’
साथ ही उन्होंने कहा, लेकिन इस अवसर को अपने पक्ष में बदलना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए हर बूथ स्तर पर जनता तक पंहुच बना कर उससे जुड़ना होगा। इस बैठक में लालकृष्ण आडवाणी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
पार्टी के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर के अनुसार भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष, मोदी ने कहा कि इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए ‘पार्टी को अपने जनाधार का विस्तार करना होगा। समाज के सभी वर्गों को साथ लेना और उसे अपने से जोड़ना होगा।’
उनके अनुसार मोदी ने कहा, ‘जनाधार का विस्तार करना ही मुख्य मुद्दा है। विभिन्न वर्गों तक सटीकता से पंहुचें। इसके लिए गहराई से योजनाएं बनाएं।’
जावड़ेकर के अनुसार आज की बैठक के अपने उद्घाटन भाषण में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जरूरी 272 सीट लाएगी। उन्होंने कहा, ‘हम पूरे विश्वास के साथ आज कह सकते हैं कि आगामी चुनाव में भाजपा अपने बूते मिशन 272-प्लस को पाएगी।’
सिंह ने कहा कि आज आसमान छूती मंहगाई, रसातल में गिरती जा रही रुपए की कीमत, बढ़ता भ्रष्टाचार और ध्वस्त होती अर्थव्यवस्था सब कांग्रेस और अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री की गलत नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा बेहाल है तो बाह्य सुरक्षा खतरे में है। पाकिस्तान पिछले कुछ दिनों में 18 बार नियंत्रण रेखा का उल्लंघन कर चुका है, लेकिन कांग्रेस सरकार उसे दो टूक जवाब देने की स्थिति में नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष ने मांग की जब तक पाकिस्तान फिर से यह आश्वासन नहीं दे कि वह अपनी भूमि का इस्तेमाल भारत के विरूद्ध आतंकी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा उस समय तक उससे वार्ता नहीं की जाए।
जावड़ेकर ने बताया कि आज की बैठक में मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्रीय चुनाव अभियान समिति के तहत चुनाव की तैयारियों के लिए गठित 20 अन्य समितियों में से तीन ने अपनी तैयारी रिपोर्ट भी पेश की।
आज की बैठक का समापन आडवाणी के मार्गदर्शन से होगा। (एजेंसी)

Trending news