सूर्य उपासना का महापर्व छठ संपन्न
Advertisement

सूर्य उपासना का महापर्व छठ संपन्न

लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे दिन बुधवार प्रात: व्रतियों द्वारा भगवान भास्कर को दूसरा अर्ध्य देने और छठी मैया की पूजा के साथ यह पर्व संपन्न हो गया।

नई दिल्ली/पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे दिन बुधवार प्रात: विभिन्न नदी, तालाबों, नहरों और कृत्रिम रूप से बनाए गए कुंड में लाखों की संख्या में व्रतियों द्वारा भगवान भास्कर को दूसरा अर्ध्य देने और छठी मैया की पूजा के साथ यह पर्व संपन्न हो गया।

 

छठ पर्व के चौथे एवं अंतिम दिन आज पौ फटने से पूर्व ही देश के विभिन्न नगरों और महानगरों में व्रती और उनके परिजन अपने-अपने घरों से पूजा सामग्रियों के साथ गंगा, यमुना व अन्य नदियों के किनारे स्थित घाटों पर पहुंचे। उन्होंने आधे कमर तक पानी में खड़े होकर पूजा सामग्रियों से भरे सूप हाथों में लिए और भगवान भास्कर को पूरी श्रद्धा के साथ दूसरा अर्ध्य दिया।

 

सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर व्रतियों की सुविधा के लिए दिल्ली और पटना के विभिन्न घाटों तक जानेवाली सड़कों की स्थानीय लोगों, स्वयं सेवी संगठनों और विभिन्न पूजा समितियों द्वारा सफाई की गई। उनके स्वागत में जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए थे और प्रकाश की व्यवस्था की गई थी।

 

छठ पर्व को देखते हुए सरकारी स्तर पर भी घाटों की सफाई और अन्य व्यवस्था किए जाने के साथ पूरे प्रदेश में सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया था। पटना के गंगा किनारे स्थित सभी घाटों पर मजिस्ट्रेट और मेडिकल टीम के साथ डॉक्टर, एनडीआरएफ की टीम एवं गोताखोरों की तैनाती की गई थी और मजिस्ट्रेट गंगा नदी में नाव के जरिए गश्त करते नजर आए।

 

बिहार की राजधानी पटना में उच्च सुरक्षा वाले बेउर आदर्श कारागार में इस बार 30 महिलाओं सहित 37 कैदियों ने छठ का व्रत रखा है जबकि केंद्रीय कारागार मोतिहारी में 31 महिलाओं सहित 61 कैदियों ने व्रत रखा। राज्य की अन्य जेलों में भी कैदियों के छठ का व्रत रखने और पूजा-अर्चना किए जाने के समाचार मिले हैं।

अमेरिका में भी मनाया गया छठ
वाशिंगटन : भारत में लाखों लोगों की आस्था से जुड़े सूर्योपासना के प्राचीन हिन्दू पर्व ‘छठ’ ने अब अमेरिका में भी दस्तक दे दी है और वहां बसे भारतीयों ने बाकायदा सूर्य को अर्ध्य देकर यह पर्व मनाया। वाशिंगटन के उपनगर वर्जिनिया में स्टर्लिंग स्थित ऐतिहासिक पोटामैक नदी के किनारे 200 से अधिक भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक एकत्र हुए। छठ का व्रत करने वाली चार महिलाओं ने नदी के पानी में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य की अराधना की। (एजेंसी)

Trending news