कई मामलों में गुजरात से भी आगे है मध्य प्रदेश: उमा भारती

भाजपा की नवनियुक्त उपाध्यक्ष उमा भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी बल्कि सभी कार्यकर्ता मिलकर अपेक्षा से 25 से 30 सीटें अधिक लाएंगे।

भोपाल: भाजपा की नवनियुक्त उपाध्यक्ष उमा भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी बल्कि सभी कार्यकर्ता मिलकर अपेक्षा से 25 से 30 सीटें अधिक लाएंगे। उमा ने शिवराज की तारीफ करते हुए यहां तक कहा कि कई मामलों में मध्‍य प्रदेश से गुजरात से भी आगे है।
उमा भारती ने आज यहां भाजपा कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत समारोह में कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में न केवल भाजपा की सरकार बनेगी बल्कि मुख्यमंत्री और पार्टी को जितनी सीटों की अपेक्षा है हम उससे 25 से 30 सीटें अधिक लेकर आएंगे।
उन्होने कहा कि वर्ष 2003 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस का संहार किया था जबकि वर्ष 2008 के चुनाव में उसका अंतिम संस्कार किया गया और अगले विधान सभा चुनाव में उसका पिंडदान किया जाएगा। उमा भारती ने कहा कि आज वे आठ साल बाद भाजपा कार्यालय में आयीं हैं लेकिन इस दौरान वे पूर्वजों की भावनाओं और राष्ट्रवाद से कभी अलग नहीं हुई। उन्होने कहा कि भाजपा से अलग होने के बाद उनके पास कई प्रलोभन आये कि वे राम का नाम और हिन्दुत्व को छोड दें तो कोई भी पार्टी उन्हें ले सकती है लेकिन वे अपनी विचारधारा से कभी भी अलग नहीं हुई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए उमा भारती ने कहा कि प्रदेश में पिछले सालों में जैसे विकास हुआ है उससे दुनिया के लोग चकित हैं और कई मामलों में तो मध्यप्रदेश, गुजरात से भी आगे है। उन्होने कहा कि आज देश में एक कमजोर सरकार और कमजोर प्रधानमंत्री हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेस का प्रयास है कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद यदि संप्रग सत्ता में नहीं आ पाए तो राजग भी सत्ता में नही आ सके।
उन्होने कहा कि यह देश मधुमक्खी का छत्ता नहीं है बल्कि यह हिन्दुओं के 33 करोड देवी देवताओं का देश है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि उन्होने अपनी कार्यसमिति में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मध्यप्रदेश को दिया है। उन्होने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी न केवल 2013 में होने वाले विधान सभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार जिताने में बल्कि 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में बनने वाली राजग सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। स्वंय को मध्यप्रदेश के विकास के लिये समर्पित बताते हुए चौहान ने कहा कि अभी यह मंजिल नहीं बल्कि एक पड़ाव है और प्रदेश को ओैर आगे बढाना है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.