खनन घोटाला: जेना ने पटनायक का इस्तीफा मांगा
Advertisement

खनन घोटाला: जेना ने पटनायक का इस्तीफा मांगा

केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने ओडिशा में करोड़ों रुपए के खनन घोटाला मामले में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने ओडिशा में करोड़ों रुपए के खनन घोटाला मामले में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।
ओडिशा के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने सोमवार को कहा कि कथित अवैध खनन के लिए 27 खनन कंपनियों पर 58,000 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाकर बीजद नीत सरकार ने खनिजों की बड़ी लूट में स्वयं के शामिल होने की बात मानी है।
सांख्यिकी तथा कार्यक्रम क्रियान्वयन और रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री जेना ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘जिन खनिकों पर 58,000 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है, मुख्यमंत्री की उनसे मिलीभगत थी। अगर मुख्यमंत्री घोटाले में शामिल नहीं होते, यह गड़बड़ी नहीं होती।’
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पटनायक सरकार ने उपयुक्त कदम उठाया होता तो राज्य की आर्थिक स्थिति दयनीय नहीं होती। राज्य में 84 लाख परिवार में से 60 लाख परिवार गरीबी रेखा के नीचे रह रहे हैं।
जेना ने राज्य में हो रहे घोटालों का पर्दाफाश करने में अपनी पार्टी की असफलता को भी माना है। उन्होंने कहा ‘हमें पहले ही यह करना चाहिए था। हमें लागों के बीच जागरुकता लानी चाहिए, हम अपनी गलती मानते हैं।’
उन्होंने सभी खनन पट्टों को निरस्त किए जाने और उन्हें राज्य सरकार के ओडिशा खनन निगम को सौंपे जाने का पक्ष लिया। मामले में जब प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रिश्तेदार के कथित तौर पर लिप्त होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,‘कानून अपना काम करेगा, हमें इसमें कुछ नहीं कहना।’ (एजेंसी)

Trending news