गुजरात : गणेश विसर्जन के दौरान हिंसा, 12 घायल

दहेमी गांव में गणेश विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क उठने से कम से कम 12 लोग घायल हो गए। हिंसा के दौरान भीड़ ने वाहनों पर हमले किए और पत्थरबाजी भी की।

आणंद (गुजरात) : दहेमी गांव में गणेश विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क उठने से कम से कम 12 लोग घायल हो गए। हिंसा के दौरान भीड़ ने वाहनों पर हमले किए और पत्थरबाजी भी की। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं। हिंसा में दो दुकानों, दो कारों और चार बाइक को आग लगा दी गई।
पुलिस ने कहा कि इस घटना में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, ‘विसर्जन के दौरान लोग गुलाल उड़ा रहे थे। गुलाल एक अन्य समुदाय के प्रार्थना स्थल की दीवार पर गिर गया और वे नाराज हो गए।’ दोनों समुदायों के लोगों के बीच बहस हो गई जिसने बाद में हिंसक रूप धारण कर लिया और वे एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे।
हिंसा में एक व्यक्ति पर तेजाब से हमला हुआ है। उसे श्री कृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य तीन लोगों को पत्थर लगने से चोटें आई हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा और सुरक्षा बलों को बुलाए जाने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। आणंद के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र असारी ने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है। अहमदाबाद के पुलिस महानिरीक्षक आर. बी. ब्रह्मभट्ट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.