गैंगरेप पीड़िता को अशोक चक्र मिले: बीजेपी
Advertisement

गैंगरेप पीड़िता को अशोक चक्र मिले: बीजेपी

भाजपा की दिल्ली इकाई ने मांग की कि सामूहिक बलात्कार की शिकार 23 वर्षीय छात्रा को बहादुरी के लिए मिलने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया जाए ।

नई दिल्ली: भाजपा की दिल्ली इकाई ने मांग की कि सामूहिक बलात्कार की शिकार 23 वर्षीय छात्रा को बहादुरी के लिए मिलने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया जाए क्योंकि पीड़ित के साहस ने पूरे राष्ट्र को प्रेरित किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में भाजपा राज्य इकाई के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पीड़ित लड़की को गणतंत्र दिवस के मौके पर मरणोपरांत सम्मानित करने की मांग की।
गुप्ता ने पत्र में लिखा कि उसने जिस साहस और बहादुरी का परिचय दिया उससे पूरा राष्ट्र प्रेरित हुआ है और उसने हमारी राष्ट्रीय चेतना को झकझोर दिया।
गुप्ता ने अशोक चक्र से सम्मानित भारत की सबसे युवा नीरजा भनोट के मामले का हवाला देते हुए पीड़ित छात्रा को सम्मानित करने की जरूरत पर बल दिया। राजधानी में 16 दिसंबर को चलती बस में बलात्कार की शिकार इस छात्रा ने सिंगापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
पैन एम एयरलाइंस में फ्लाइट अटेंडेंट भनोट की पांच सितंबर 1986 को अपहरण के शिकार विमान पैन एम फ्लाइट 73 में यात्रियों को आतंकवादियों से बचाते हुए मौत हो गई थी।
गुप्ता ने पत्र में लिखा कि आप उन चुनिंदा लोगों में से एक थे जो सिंगापुर से उसका (छात्रा) शव आने के समय मौजूद थे और मुझे विश्वास है कि आप उसे अशोक चक्र से सम्मानित करने की राष्ट्र की भावना पर विचार करेंगे। (एजेंसी)

Trending news