जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार
Advertisement

जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

यूपी पुलिस की विशेष शाखा ने रविवार को नोएडा से छह लोगों को गिरफ्तार कर कथित रूप से जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से 20.50 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं।

नोएडा : उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष शाखा ने आज छह लोगों को गिरफ्तार कर कथित रूप से जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से 20.50 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गयी छापेमारी में शनिवार रात सूरजपुर क्षेत्र से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को पड़ोसी देशों से तस्करी से जाली नोट आने की गुप्त जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के तान मोहम्मद, अबु ताहिर और फिरोजाबाद निवासी सोहनवीर सिंह, उदयवीर, रोहताश और धमेन्द्र के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। बरामद किए गए जाली नोट में 1,000 और 500 रुपए के नोट शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद नगदी में चार लाख रुपये के असली नोट भी मिले हैं। इसके अलावा अपराध के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं। उन्होंने बताया कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और जम्मू कश्मीर में सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि यह जाली नोट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के एजेंट को सौंपने के लिए लायी गयी थी। एजेंट इस नकली नगदी को छोटे-छोटे वितरकों को देता था। (एजेंसी)

Trending news