देश के अन्य हिस्सों से कटा कश्मीर का संपर्क
Advertisement

देश के अन्य हिस्सों से कटा कश्मीर का संपर्क

कश्मीर घाटी का आज लगातार दूसरे दिन देश के शेष हिस्सों से संपर्क कटा रहा लेकिन मौसम में सुधार होने के कारण उम्मीद है कि जल्दी ही श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो जाएगा।

श्रीनगर : कश्मीर घाटी का आज लगातार दूसरे दिन देश के शेष हिस्सों से संपर्क कटा रहा लेकिन मौसम में सुधार होने के कारण उम्मीद है कि जल्दी ही श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो जाएगा।
प्राकृतिक आपदा प्रबंधन इकाई के समन्वयक आमिर अली ने पीटीआई को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अभी भी बंद है लेकिन सड़क पर पड़ी बर्फ को जल्द से जल्द साफ करने के लिए काम चल रहा है। 294 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग घाटी को देश के शेष हिस्सों से जोड़ते वाला एकमात्र सड़क संपर्क है। दक्षिण कश्मीर में पीर पंजाल रेंज के दोनों तरफ भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग कल बंद कर दिया गया था।
अली ने बताया कि मौसम में सुधार हुआ है और हम लोग उम्मीद करते हैं कि रास्ते को जल्द ही साफ कर लिया जाएगा और फंसे हुए वाहनों को यहां से निकाल लिया जाएगा। इस बीच, पूरे कश्मीर संभाग सहित जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर शहर में रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गयी है। मौसम कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारमुला जिले का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कश्मीर संभाग में लेह सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा बीती रात शून्य से 10 डिग्री नीचे चला गया। करगिल जिले में तापमान शून्य से 6.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। (एजेंसी)

Trending news