'मुंबई में बिहार दिवस पर ऐतराज नहीं'
Advertisement

'मुंबई में बिहार दिवस पर ऐतराज नहीं'

मुंबई में आयोजित होनेवाले बिहार स्थापना दिवस पर मचे सियासी बवाल के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने यू टर्न लिया है।

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

 

नई दिल्ली/मुंबई: मुंबई में आयोजित होनेवाले बिहार स्थापना दिवस पर मचे सियासी बवाल के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने यू टर्न लिया है। राज ठाकरे ने अपने सुर बदलते हुए कहा है कि उन्होंने बिहार दिवस समारोह में नीतीश के विरोध करने की बात नहीं कही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राज ठाकरे ने इस मसले पर बातचीत भी की है जिसके बाद ही उनका यह बयान आया है। उन्होंने साफ किया है कि नीतीश के कार्यक्रम में शामिल होने पर उन्हें कोई ऐतराज नहीं है।

 

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के नाते बिहार दिवस में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।मुंबई में बिहार दिवस कार्यक्रम को लेकर कुछ लोगों के एतराज को फिजूल बताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि वह महाराष्ट्र की धरती का बहुत आदर करते हैं।

 

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने कई महान नायकों और ज्ञानियों को जन्म दिया जिन्होंने देश को दिशा दी। मैं महाराष्ट्र की धरती का बहुत आदर करता हूं। मैं मुंबई जाकर महाराष्ट्र की धरती को प्रणाम करुंगा। ’

 

नीतीश ने कहा , ‘ मुंबई में बिहार दिवस कार्यक्रम यहां से गये गरीब बिहारी कर रहे हैं। यह सहज स्वाभाविक कार्यक्रम है। मुझे नहीं लगता है कि महाराष्ट्रवासियों को इससे कोई एतराज होगा। महाराष्ट्र और बिहार के लोग एक दूसरे के सहयोगी रहे हैं। लोग महाराष्ट्रवासियों का आदर करते हैं। ’बिहारी लोग मुसीबत के समय वहां गये थे अब बिहार में कुछ अच्छा वातावरण बना है इसलिए लोग कुछ आयोजन कर रहे हैं।

 

राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस ने भी नीतीश के मुंबई में बिहार दिवस में शिरकत करने पर अपना समर्थन दिया है। आरजेडी नेता रामकृपाल यादव ने कहा है कि मुंबई किसी की जागीर नहीं है और नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री है और वह देश के किसी भी हिस्से में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने का अधिकार रखते हैं।

 

कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र से सांसद संजय निरुपम ने कहा है यह विवाद बेवजह है। नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री है और बिहार दिवस मनाने के लिए वह देश के किसी भी हिस्से में यहां तक की हिमालय पर्वत पर भी जा सकते हैं।

 

बिहार के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 15 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस मनाने के लिए मुंबई जाएंगे। इस बीच सियासी बयानबाजियों के बावजूद मुंबई में बिहार दिवस की तैयारी जारी है, जहां 300,000 से अधिक बिहारी प्रवासियों के समारोह में मौजूदगी का अनुमान है।

Trending news