यूपी चुनावः कांग्रेस-आरएलडी में समझौता तय!

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा इस सप्ताह होने की संभावना है।


नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा इस सप्ताह होने की संभावना है। दोनों दलों ने सीटों के तालमेल को लगभग अंतिम रूप दे दिया है।

 

अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची नवम्बर के पहले सप्ताह में जारी किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले 31 अक्तूबर को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होने वाली है। पार्टी अब तक 135 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।

 

पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी होने के बाद पार्टी महासचिव राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी सभा शुरू करेंगे। वह 14 नवम्बर को जवाहरलाल नेहरू की जन्म तिथि के मौके पर उनके निर्वाचन क्षेत्र फूलपुर से चुनावी अभियान का शुभारंभ करेंगे।

 

कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी दिग्विजय सिंह और प्रदेश के लिए बनी पार्टी की छानबीन समिति के प्रमुख मोहन प्रकाश की बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल के नेता अजित सिंह के साथ विस्तृत बातचीत हुई थी।

 

इस बैठक के बारे में पूछे जाने पर मोहन प्रकाश ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण तरीके से हुई। बुद्धवार को बैठक के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा था कि इस बैठक में ज्यादातर मुद्दे सुलझा लिये गए।  (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.