वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर बिफल : अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने आज यहां कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल है।

आगरा : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने आज यहां कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
शाह ने सोमवार को यहां व्यापारी सम्मेलन में कहा कि अब कांग्रेस के भ्रष्टाचार की बात करना बेमानी हो गया है, यह तो वर्तमान सरकार की उपलब्धि है।
उन्होने कहा कि देश का निर्माण तो व्यापारी वर्ग करता है। केन्द्र की सरकार ने देश की विकास दर 4.4 प्रतिशत पहुंचा दी है जबकि भाजपा शासित राज्य गुजरात में 9.8 प्रतिशत एवं मध्यप्रदेश 9.6 प्रतिशत है। इसका सीधा अर्थ है कि भाजपा की सरकार इस देश में बनेगी तो गुजरात मध्य प्रदेश की तरह विकसित देश हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि मंहगाई ने आग आम आदमी की बचत दर को कम कर दिया है। जो पहले 22 प्रतिशत होती थी। वह 14 प्रतिशत रह गयी है। जब बचत नहीं होगी तो खरीददारी भी कम हो जायेगी। इससे व्यापार प्रभावित होगा।
रुपये का अवमूल्यन होता है तो व्यापार घटता है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश भी गुजरात की तरह विकसित हो सकता है। यहां काफी संसाधन है लेकिन सरकार नाकारा है।
उन्होने कहा कि जो प्रदेश नहीं चला सकते वह देश क्या चलाएंगे। सम्मेलन में भाजपा के सह प्रभारी त्रिवेन्द्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, राष्ट्रीय संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ श्याम बिहारी मिश्रा सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार रखे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.