संभल में लड़कियों पर दर्ज केस वापस होंगे: अखिलेश

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि संभल में लड़कियों पर दर्ज केस वापस होंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि जिन लड़कियों के नाम कन्या विद्याधन योजना की लिस्‍ट में नहीं हैं, उन्‍हें जोड़ा जाएगा।

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी
लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि संभल में लड़कियों पर दर्ज केस वापस होंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि जिन लड़कियों के नाम कन्या विद्याधन योजना की लिस्‍ट में नहीं हैं, उन्‍हें जोड़ा जाएगा।
गौर हो कि उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले में सरकार की ‘कन्या विद्याधन’ तथा ‘हमारी बेटी उसका कल’योजनाओं के लिए नाम शामिल नहीं किए जाने से नाराजगी के कारण विरोध प्रदर्शन करके मार्ग जाम करने वाली छात्राओं समेत करीब 190 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक तहसीलदार सिंह ने आज यहां बताया कि सम्भल में ‘कन्या विद्याधन’ तथा ‘हमारी बेटी उसका कल’ योजनाओं के लिए नाम शामिल नहीं किये जाने से नाराज छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया और इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने राज्यमंत्री इकबाल महमूद की तस्वीर छपी होर्डिग में आग लगा दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में सम्भल कोतवाली में 40 छात्राओं तथा 150 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बीच, कांग्रेस विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर छात्राओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की है।
सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि छात्राओं को अगर स्थानीय प्रशासन ने पारदर्शिता के साथ हकीकत से अवगत करा दिया होता तो उनमें रोष नहीं होता। यह स्थानीय प्रशासन की कमी है। सम्भवत: प्रशासन ने छात्राओं पर यह आपराधिक मुकदमे दर्ज करने से पहले आपको भी विश्वास में नहीं लिया होगा।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.