MLA संगीत सोम की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा का कल पश्चिमी यूपी बंद का आह्वान

मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी विधायकों की गिरफ्तारी के क्रम में आज पुलिस ने भाजपा के सरधना क्षेत्र के विधायक संगीत सोम को गिरफ्तार कर लिया।

मेरठ : मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी विधायकों की गिरफ्तारी के क्रम में आज पुलिस ने भाजपा के सरधना क्षेत्र के विधायक संगीत सोम को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कपमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तारी सरधना क्षेत्र के गांव सलावा से की गई है। उन्होंने बताया कि संगीत सोम की गिरफ्तारी का उनके साथ मौजूद समर्थकों ने विरोध किया। लेकिन पुलिस ने उनको काबू में करते हुए संगीत सोम को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
हालांकि, संगीत सोम के नजदीकी लोगों का कहना है कि विधायक ने खुद को सरधना पुलिस के हवाले किया है। संगीत सोम की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही शहर में भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने शहर में भाजपाइयों के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी है।
भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रभारी आलोक सिसौदिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन भाजपाइयों को तो चुन-चुन कर गिरफ्तार कर जेल में डाल रहा है, लेकिन दूसरी तरफ दंगे के अन्य आरोपियों के प्रति पूरी तरह नरमी बरते हुए है। सिसौदिया के अनुसार इसके विरोध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के आह्वान पर रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश पूरी तरह बंद रखा जाएगा। उन्होंने तमाम लोगों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.