आशा भोसले, माला सिन्हा को फाल्के अकादमी पुरस्कार

मशहूर पार्श्‍व गायिका आशा भोसले, अभिनेत्री माला सिन्हा, दिवंगत फिल्म निर्माता यश चोपड़ा और दिवंगत सुपर स्टार राजेश खन्ना व कई अन्य को दादा साहब फाल्के अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार 30 अप्रैल को आयोजित होने वाले एक समारोह में दिया जाएगा।

मुंबई : मशहूर पार्श्‍व गायिका आशा भोसले, अभिनेत्री माला सिन्हा, दिवंगत फिल्म निर्माता यश चोपड़ा और दिवंगत सुपर स्टार राजेश खन्ना व कई अन्य को दादा साहब फाल्के अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार 30 अप्रैल को आयोजित होने वाले एक समारोह में दिया जाएगा।
छह दशक से ज्यादा समय से संगीत प्रेमियों के बीच अपनी मुधर आवाज के लिए पहचानी जाने वाली आशा भोसले को फाल्के रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा। `प्यासा`, `मर्यादा` और `हरियाली और रास्ता` जैसी फिल्मों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली अभिनेत्री माला सिन्हा को अकादमी गोल्डन एरा अवार्ड (सुनहरा दौर पुरस्कार) से सम्मानित करेगी।
रोमांस, एक्शन और सामाजिकता से जुड़ी फिल्में बनाने वाले दिवंगत प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता यश चोपड़ा के लिए विशेष पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना को `भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार` पुरस्कार से नवाजा जाएगा। राजेश खन्ना की पत्नी अभिनेत्री डिपल कपाड़िया फाल्के स्मृति पुरस्कार ग्रहण करेंगी। जबकि उनके दामाद अभिनेता अक्षय कुमार को `राउडी राठौर` के लिए बेस्ट परफार्मेस अवार्ड (सबसे अच्छा प्रदर्शन पुरस्कार) दिया जाएगा।
दादा साहब फाल्के अकादमी के सचिव प्रभात पांडे ने बताया कि आयोजन के मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल आयोजन की मुख्य अतिथि होंगी। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.