नहीं रहे बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना

अपने समय के सुपरस्टार राजेश खन्ना का आज मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। खन्ना लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुम्बई: अपने समय के सुपरस्टार राजेश खन्ना का बुधवार को मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। खन्ना लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार सुबह 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
काका के निधन की खबर फैलते ही सैंकड़ों की संख्या में उनके प्रशंसक उनके बांद्रा में कार्टर रोड स्थित उनके घर ‘‘आशीर्वाद ’’ के बाहर एकत्र हो गए।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिहं ने राजेश खन्ना के निधन पर दुख जताया।

राजेश खन्ना बीते 1 अप्रैल से स्वास्थ्य सम्बंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस वर्ष अप्रैल में भी उन्हें कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तब उन्हें तीन या चार दिनों में घर भेज दिया गया था।
उनकी हालत को देखते हुए सभी रिश्तेदार राजेश खन्ना के घर मौजूद थे, जिनमें उनकी बेटी ट्विंकल खन्ना और दमाद अक्षय कुमार भी शामिल हैं। इसके अलावा उनके करीबी मित्र भी उनके घर पहुंच गए थे।
राजेश से अलग रह रही उनकी पत्नी डिम्पल कपाड़िया पहले दिन से ही उनकी देखभाल कर रही हैं। राजेश खन्ना ने डिंपल से 1973 में शादी की थी और 1984 में वे अलग हो गए थे।
बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना का चार दशकों का लम्बा फिल्मी करियर रहा है। अपने प्रशंसकों द्वारा `काका` कहकर पुकारे जाने वाले 70 वर्षीय अभिनेता ने कई हिट फिल्में दी हैं। उनमें 1969 से 1972 के बीच लगातार 15 सुपरहिट फिल्में देने के कारण राजेश खन्ना को भारत का पहला सुपरस्टार कहा जाता था। उनकी सफल फिल्मों में ‘‘आराधना’’, ‘‘ हाथी मेरे साथी’’ , ‘‘आनंद’’ और ‘‘अमर प्रेम’’ थीं ।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.