मन्ना डे की हालत स्थिर, लेकिन गंभीर

महान गायक 94 वर्षीय मन्ना डे की हालत स्थिर, लेकिन गंभीर बनी हुई है और वह नारायण हेल्थ अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं।

बेंगलुरू:महान गायक 94 वर्षीय मन्ना डे की हालत स्थिर, लेकिन गंभीर बनी हुई है और वह नारायण हेल्थ अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं। यह जानकारी अस्पताल के एक प्रवक्ता ने सोमवार को दी। मन्ना दा की हालत अब स्थिर है। उपचार से उन्हें लाभ मिल रहा है। कल (रविवार) की अपेक्षा उनकी हालत में सुधार आया है। वह गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं।
चूंकि अस्पताल में मन्ना डे का वास्तविक नाम प्रबोध डे दर्ज है, इसलिए अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी नहीं जानते कि यही मन्ना डे हैं, और पूछने पर इस बात से भ्रमित हैं तथा इनकार कर रहे हैं कि उनके अस्पताल में भारत के मशहूर गायक मन्ना डे का उपचार चल रहा है।
मन्ना डे को छाती में संक्रमण के कारण सांस लेने में दिक्कत होने के कारण शनिवार को शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मन्ना डे को राज्य के विशेष महा संगीत सम्मान से सम्मानित किए जाने के एक सप्ताह बाद पिछले महीने इसी अस्पताल में 20 दिन के लिए भर्ती किया गया था।
पिछले महीने जब मन्ना डे के स्वास्थ्य में सुधार आ गया था और उनकी हालत स्थिर हो गई थी तो उन्हें चिकित्सकीय निरीक्षण में घर वापस लाया गया था और उनकी देखभाल के लिए चौबीसो घंटे दो नर्स नियुक्त की गई थीं। इसके अलावा एक चिकित्सक प्रतिदिन घर आकर उनके स्वास्थ्य का निरीक्षण करते थे। मन्ना डे को 2007 में फिल्म जगत के सर्वश्रेष्ठ सम्मान, `दादा साहब फाल्के` से भी सम्मानित किया जा चुका है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.