जून में निर्यात 10.22% बढ़ा, व्यापार घाटा में भी हुई वृद्धि

देश का निर्यात जून में 10.22 प्रतिशत बढ़कर 26.47 अरब डॉलर रहा है। सोने का आयात बढ़ने से व्यापार घाटा भी मामूली बढ़ोतरी के साथ 11.76 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल इसी महीने में निर्यात 24.02 अरब डॉलर रहा था।

नई दिल्ली : देश का निर्यात जून में 10.22 प्रतिशत बढ़कर 26.47 अरब डॉलर रहा है। सोने का आयात बढ़ने से व्यापार घाटा भी मामूली बढ़ोतरी के साथ 11.76 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल इसी महीने में निर्यात 24.02 अरब डॉलर रहा था।

निर्यात बढ़ोतरी में कई क्षेत्रों का योगदान रहा है। जून में परिधान निर्यात में 14.39 प्रतिशत, पेट्रोलियम उत्पादों में 38.3 प्रतिशत, इंजीनियरिंग में 21.57 प्रतिशत, चमड़ा में 15 प्रतिशत, समुद्री उत्पादों में 27.49 प्रतिशत, तिलहन में 44.4 प्रतिशत व तंबाकू में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार इस  दौरान आयात 8.33 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 38.24 अरब डालर रहा। इस तरह माह के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 11.76 अरब डालर पर पहुंच गया। निर्यातकों के प्रमुख संगठन फियो ने कहा है कि वैश्विक मांग में सुधार से देश के निर्यात में दो अंकीय वृद्धि दर्ज हुई है।

फियो के अध्यक्ष रफीक अहमद ने कहा कि विकसित के साथ उभरते बाजारों में भी मांग में सुधार हो रहा है। कुल मिलाकर अप्रैल-जून की अवधि में देश का निर्यात 9.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 80.11 अरब डालर रहा है। वहीं इस अवधि में आयात 6.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 113.19 अरब डालर के बराबर रहा। हालांकि समीक्षाधीन महीने में निर्यात वृद्धि मई की तुलना में कम रही है। मई में निर्यात में 12.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। मई में व्यापार घाटा 11.23 अरब डालर रहा था। पिछले साल अक्तूबर से सोने के आयात में कमी आ रही थी। लेकिन जून में यह 65.13 प्रतिशत बढ़कर 3.12 अरब डालर पर पहुंच गया। अक्तूबर, 2013 में सोने का आयात 1.3 अरब डालर रहा था।

रुपये में कमजोरी का देश के निर्यात पर सकारात्मक असर पड़ा है। पहली तिमाही में व्यापार घाटा 33.08 अरब डालर रहा है। इस बार जून में पेट्रोलियम आयात 10.9 प्रतिशत बढ़कर 13.34 अरब डालर और गैर-तेल आयात 7 प्रतिशत बढ़कर 24.9 अरब डालर के बराबर रहा। जून में वनस्पति तेलों का आयात 21.3 प्रतिशत बढ़ा, जबकि कोयला एवं कोक आयात 5.5 प्रतिशत, रसायन 18.78 प्रतिशत, लौह एवं इस्पात 18.24 प्रतिशत व इलेक्ट्रानिक्स सामान 8 प्रतिशत बढ़ा।

दूसरी ओर मोती, बहुमूल्य व अर्धबहुमूल्य रत्नों के आयात में 2.2 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा चांदी का निर्यात 53.3 प्रतिशत, परियोजना वस्तुओं का 40.39 प्रतिशत, परिवहन उपकरण 10.86 प्रतिशत, मशीन टूल्स 7.39 प्रतिशत और कपास का 45.34 प्रतिशत घटा। दूसरी ओर माह के दौरान चाय का निर्यात 13.78 प्रतिशत घटा। कॉफी के निर्यात में 8.75 प्रतिशत, आयल मील में 48.2 प्रतिशत, लौह अयस्क में 66 प्रतिशत व इलेक्ट्रानिक्स सामान में 24.5 प्रतिशत की गिरावट आई।

वाणिज्य मंत्रालय ने पहली बार सेवा निर्यात के आंकड़े भी जारी किए हैं। मई, 2014 में सेवा निर्यात 13.9 अरब डालर रहा। वहीं इस दौरान सेवाओं का आयात 8.02 अरब डालर रहा।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.