दिल्ली में 5 किलो के LPG सिलेंडर की बिक्री आज से, मोइली करेंगे शुभारंभ

पेट्रोलियम मंत्री एम वीरप्पा मोइली कल (मंगलवार को) राष्ट्रीय राजधानी में एक पेट्रोल पंप पर 5 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की बिक्री का शुभारंभ करेंगे।

नई दिल्ली : पेट्रोलियम मंत्री एम वीरप्पा मोइली कल (मंगलवार को) राष्ट्रीय राजधानी में एक पेट्रोल पंप पर 5 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की बिक्री का शुभारंभ करेंगे। देश के दूसरे हिस्सों में 5 किलोग्राम के सिलेंडर की बिक्री पहले ही शुरू हो चुकी है। लेकिन दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों की वजह से इसकी बिक्री शुरू नहीं की जा सकी थी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब कल से दिल्ली में यह योजना शुरू की जा रही है। पेट्रोल पंपों पर 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर 543 रुपये में उपलब्ध होगा। 14.2 किलोग्राम के सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम 414 रुपये है। अभी तक रसोई गैस की बिक्री सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के 13,088 एलपीजी वितरकों के जरिये होती है। अब 5 किलोग्राम का सिलेंडर देशभर में 50,392 पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध होगा।
सूत्रों ने बताया कि पायलट आधार पर यह परियोजना पिछले साल 5 अक्तूबर को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई व बेंगलूर में पेट्रोलियम कंपनियों के स्वामित्व और परिचालन वाले पेट्रोल पंपों पर शुरू की गई थी। देशभर में कुल पेट्रोल पंपों में कंपनियों के स्वामित्व और परिचालन वाले पेट्रोल पंपों की संख्या मात्र 3 प्रतिशत है। चूंकि, इस योजना को उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया मिली है, इसलिए इसे देशभर के पेट्रोल पंपों तक बढ़ाया जा रहा है।
पहली बार 5 किलोग्राम का सिलेंडर खरीदने पर 1,000 रुपये व कर लगेगा। रेगुलेटर 250 रुपये में अलग से उपलब्ध होगा। पहली बार के शुल्क में सिलेंडर का सिक्योरिटी डिपाजिट भी शामिल होगा। ग्राहकों को पहली बार सिलेंडर लेते समय अपनी पहचान का प्रमाण भी देना होगा। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.