स्लिम ने पत्नी के साथ बहस के बाद खुदकुशी की : थाई पुलिस
Advertisement

स्लिम ने पत्नी के साथ बहस के बाद खुदकुशी की : थाई पुलिस

ऐसा लगता है कि टाटा मोटर्स के निदेशक कार्ल स्लिम ने अपनी पत्नी के साथ बहस और उसके पत्र को पढ़ने के बाद आत्महत्या की। उनकी पत्नी ने पत्र में घरेलू समस्याओं का जिक्र किया था। थाईलैंड की पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

fallback

बैंकाक : ऐसा लगता है कि टाटा मोटर्स के निदेशक कार्ल स्लिम ने अपनी पत्नी के साथ बहस और उसके पत्र को पढ़ने के बाद आत्महत्या की। उनकी पत्नी ने पत्र में घरेलू समस्याओं का जिक्र किया था। थाईलैंड की पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
थाईलैंड की पुलिस ने यह भी कहा कि स्लिम के होटल के कमरे से जो 3 पन्ने का हाथ से लिखा परचा मिला है, उसे उनकी पत्नी सैली ने लिखा है। इसी होटल की एक उपरी मंजिल से गिरकर 51 वर्षीय स्लिम की मौत हुई। पुलिस के अनुसार ऐसा लगता है कि अपनी 30 वर्षीय पत्नी का पत्र पढ़कर उन्होंने यह कदम उठाया। पत्र में घरेलू समस्याओं का जिक्र किया गया है।
पुलिस लेफ्टिनेंट सोमयोत बूयाकेयोव ने कहा, ‘पत्र कार्ल स्लिम की पत्नी सैली स्लिम ने लिखा था। स्लिम दंपति की आपस में बहस हुई थी। पत्र में लिखावट उनकी है।’ उन्होंने यह भी कहा कि स्लिम का ‘सुसाइड नोट’ नहीं है। उन्होंने इस बारे में आगे कुछ नहीं बताया।
सोमयोत ने यह भी दोहराया कि स्लिम का निधन हत्या नहीं है। पुलिस अब मान रही है कि स्लिम अपने शांगरी-ला होटल के 22वें माले पर स्थित सुइट से कूदे क्योंकि उसमें खिड़की इतनी छोटी थी कि, वह उससे गिर नहीं सकते थे। सुइट कमरे में बालकनी नहीं थी बल्कि कांच की एक बड़ी बंद खिड़की तथा एक छोटी खिड़की थी जिसे खोला जा सकता था। स्लिम की मौत गिरने से हुई। इसके कारण उनकी खोपड़ी टूट गई।
ब्रिटिश नागरिक स्लिम का शव बैंकाक के शांगरी-ला होटल के कर्मचारियों को चौथी मंजिल की बालकनी में मिला था। वह 22वें माले से नीचे गिरे थे। स्लिम टाटा मोटर्स की थाइलैंड इकाई के निदेशक मंडल की एक बैठक में शामिल होने यहां आए थे। इससे पहले, सोमयोत ने कहा कि स्लिम के कमरे में किसी तरह की हाथापाई या संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं।
पुलिस ने सोमवार को कहा था कि वह जांच के तहत इस परचे का थाई भाषा में भी अनुवाद करवा रही है। स्लिम की पत्नी 30 वर्षीय सैली उनके साथ कमरे में ही थी और रविवार की सुबह शव मिलने के बाद होटल के कर्मचारियों ने उन्हें जगाया। स्लिम ऐसे समय में कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे जबकि वाहन उद्योग लंबे समय से नरमी से जूझ रही है।
टाटा मोटर्स के प्रबंधन में भारी फेर-बदल के साथ वह इससे 2012 में जुड़े। उन्हें भारतीय बाजार में कंपनी के कारोबार को गति देने की रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। टाटा मोटर्स के चेयरमैन साइरस पी मिस्त्री ने स्लिम के निधन पर गहरी संवेदना जतायी है।
टाटा मोटर्स से पहले स्लिम एसजीएमडब्ल्यू मोटर्स, चीन के कार्यकारी उपाध्यक्ष थे। यह कंपनी जनरल मोटर्स का एक संयुक्त उद्यम है। इससे पहले वह भारत में 2007-11 के दौरान जनरल मोटर्स के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और निदेशक मंडल के सदस्य थे। स्लिम दो दशक से ज्यादा समय तक टोयोटा और जनरल मोटर्स में विभिन्न पदों पर रहे। (एजेंसी)

Trending news