अमेरिका ने ईरान तेल प्रतिबंध से भारत, चीन को छूट दी

अमेरिका ने ईरान से तेल ब्रिकी को लक्षित अपने कड़े प्रतिबंधों से भारत, चीन व कुछ अन्य देशों को छह और महीने के लिए छूट दी है।

वाशिंगटन : अमेरिका ने ईरान से तेल ब्रिकी को लक्षित अपने कड़े प्रतिबंधों से भारत, चीन व कुछ अन्य देशों को छह और महीने के लिए छूट दी है। इन देशों को यह छूट इसलिए दी गई है क्योंकि उन्होंने ईरानी तेल पर अपनी निर्भरता को कम करना जारी रखा है।
विदेश मंत्री जॉन कैरी ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा प्राधिकृति कानून (एनडीएए) के तहत छूट के लिए इन देशों ने फिर पात्रता हासिल की है क्योंकि इन्होंने ईरानी कच्चे तेल की अपनी खरीद में उल्लेखनीय कमी की है। इन देशों में भारत, चीन, कोरिया, तुर्की व ताइवान शामिल है।
कैरी ने कहा कि पिछले छह महीने में इन देशों की गतिविधियों के आंकलन के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है। अब ये देश ईरान से कच्चे तेल की घटी मात्रा अगले 180 दिन और खरीद सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई जुर्माना भी नहीं देना होगा। उन्होंने कहा कि इसके आलवा मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर तथा श्रीलंका भी एनडीएए छूट के लिए पात्र हुए हैं क्योंकि वे अब ईरान से कच्चा तेल खरीदते ही नहीं।
अमेरिका ने ईरान से तेल खरीद कम करने के वास्ते कड़े प्रतिबंध लगाये हैं। अमेरिका का कहना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांति कार्यों के लिये नहीं है। बहरहाल 24 नवंबर को ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका, छह प्रमुख शक्तियों तथा ईरान के बीच जिनीवा में एक एतिहासिक समझौता हुआ है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.