अजय माकन, वीके सिंह, शत्रुघ्न सिन्हा ने भरे पर्चे

पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजय माकन, पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पत्रकार से नेता बने आशुतोष जैसे कांग्रेस, भाजपा और आप के कुछ प्रमुख नेताओं ने आज लोकसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये।

नई दिल्ली : पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजय माकन, पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पत्रकार से नेता बने आशुतोष जैसे कांग्रेस, भाजपा और आप के कुछ प्रमुख नेताओं ने आज लोकसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये।
भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार की पटना साहिब सीट के लिए नामांकन पत्र भरा लेकिन इस दौरान हिंसा हो गयी। नामांकन के लिए जा रहे अभिनेता से नेता बने सिन्हा को काले झंडे दिखाने वाले युवकों को उनके समर्थकों ने पीट दिया। दिल्ली में आज कई नामचीन लोगो ने पर्चा भरा। कांग्रेस के अजय माकन और संदीप दीक्षित, भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी और पत्रकार से नेता बने आप के आशुतोष ने अपने अपने पर्चे भरे।
नेशनल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष संगमा व्हील चेयर पर पर्चा भरने आये। वह मेघालय में परंपरागत तूरा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व उन्होंने चार दशक से अधिक समय तक किया। मौजूदा सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री विन्सेंट एच. पाला ने शिलांग सीट से नामांकन पत्र भरा। वह कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस महासचिव और पार्टी के संचार विभाग के अध्यक्ष अजय माकन ने आज सबसे पहले पर्चा भरा। उसके बाद मीनाक्षी लेखी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों ही नई दिल्ली क्षेत्र से आमने-सामने हैं। इसी क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के आशीष खेतान भी मुकाबले में हैं। वह कल ही पर्चा भर चुके हैं।
पत्रकार से नेता बने आशुतोष ने चांदनी चौक सीट के लिए पर्चा भरा। उनका मुकाबला केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज कपिल सिब्बल तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन से है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित पूर्वी दिल्ली से मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के महेश गिरि और आप के राजमोहन गांधी से है।
उत्तर प्रदेश में पूर्व सेना प्रमुख और भाजपा उम्मीदवार वीके सिंह ने गाजियाबाद सीट के लिए पर्चा दाखिल किया। उनका मुकाबला कांग्रेस के राज बब्बर और आप की शाजिया इल्मी से है। सात बार कांग्रेस सांसद रहे विलास मुत्तेमवार और पूर्व मंत्री मुकुल वासनिक ने भी क्रमश: नागपुर और रामटेक से नामांकन पत्र दाखिल किया।
असम में केन्द्रीय मंत्री पबन सिंह घटोवार ने डिब्रूगढ से और रानी नराह ने लखीमपुर से पर्चा भरा है। असम में पहले चरण में जिन प्रमुख हस्तियों का भविष्य तय हो जाएगा, उनमें मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र गौरव गोगोई (कालियाबोर) और पूर्व केन्द्रीय मंत्री बीके हाण्डिक (जोरहट) शामिल हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.