देश की राजधानी समेत उत्तर भारत में छाया घना कोहरा, ट्रेन और हवाई सेवा प्रभावित

पूरा उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। देश की राजधानी दिल्ली भी घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई। जिससे दिल्ली-एनसीआर में कई जगह सड़क हादसे भी हुए हैं। ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे है और कोहरे की वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नयी दिल्ली : पूरा उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। देश की राजधानी दिल्ली भी घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई। जिससे दिल्ली-एनसीआर में कई जगह सड़क हादसे भी हुए हैं। ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे है और कोहरे की वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली में आज सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस है। घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बाधित हुईं और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में ठंड बढ़ने से तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी शीतलहर जारी रही। तापमान में सामान्य से तीन डिग्री तक की गिरावट आयी जिससे आम जनजवीन प्रभावित हुआ। पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
हिसार, अमृतसर, पटियाला, भटिंडा, नारनौल, लुधियाना और रोहतक सहित पंजाब एवं हरियाणा के कई हिस्से घने कोहरे की चादर से लिपटे रहे जिसकी वजह से पैदा हुई कम दृश्यता के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही में बाधा आयी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे और शीतलहर की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ जिससे उत्तर-पश्चिम रेलवे की आठ ट्रेनें राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50 मिनट से लेकर चार घंटे तक की देरी से चल रही हैं। कोहरे की वजह से आज सुबह दिल्ली-जयपुर, कोटा-जयपुर और जोधपुर-अजमेर राजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ।
कश्मीर घाटी में आज एक बार फिर बर्फबारी हुई जिससे ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पारा सामान्य से पांच डिग्री नीचे 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, श्रीनगर, गुलमर्ग, कोकरनाग, कुलगाम और कुपवाड़ा सहित कश्मीर घाटी में ज्यादातर स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई। अधिकारी ने बताया कि कल भी आसमान में बादल रहेंगे पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
वहीं हिमाचल प्रदेश में भी शीत लहर जारी है। राज्य के जनजातीय इलाकों और अन्य उंचाई वाले पवर्तीय इलाकों में आज बर्फबारी हुई तथा मध्यम-निचले पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हुई। आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं जिससे लोगों ने अपने घरों में ही रहना पसंद किया।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.