ओडिशा तट से केवल 40 किलोमीटर दूर चक्रवात फैलिन, 3 लोगों की मौत

मौसम विभाग ने बताया कि बेहद भीषण चक्रवात फैलिन ओडिशा से नजदीक आ गया है तथा यह गोपालपुर से करीब 150 किमी दक्षिणपूर्व और पारादीप से करीब 260 किमी दक्षिणपूर्व में केन्द्रित है।

भुवनेश्वर/हैदराबाद : मौसम विभाग ने बताया कि बेहद भीषण चक्रवात फैलिन ओडिशा से नजदीक आ गया है तथा यह गोपालपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर है और यह तेजी के साथ तट की ओर बढ़ रहा है। चक्रवात की रफ्तार थोड़ी मंद जरूर पड़ी है लेकिन इससे तबाही का अंदेशा कम नहीं हुआ है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां चक्रवात के खतरों से निपटने के लिए मुस्तैद है। सरकार पल-पल पर नजर रखे हुए है।
गोपालपुर पर चक्रवात ‘फैलीन’ का कहर आने से पहले ओडिशा में पेड़ों के गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, आंधप्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों के निचले इलाकों से दोपहर तक एक लाख से अधिक लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए।
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार ‘‘यह उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और आज शाम यह कलिंगपट्टनम एवं पारादीप के बीच से होकर उत्तरी आंध्र प्रदेश एवं ओड़िशा तट को पार करेगा एवं गोपालपुर (ओडिशा) पहुंचेगा।’’ विशेष राहत आयुक्त कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि ओड़िशा के तट के समीप फैलिन के पहुंचने के साथ ही तट पर जल स्तर बढ़ रहा है।
फैलिन के पहुंचने से पहले पूरे राज्य में भारी वष्रा और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की सूचना मिली है। तटवर्ती क्षेत्र के गजपति, गंजाम, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुरा, नयागढ़, कटक, भद्रक एवं केन्द्रपाड़ा जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश की भी जानकारी मिली है।
मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया, ‘‘अगले छह घंटे में ओड़िशा के तटों पर 80.90 किमी प्रति घंटा की गति से तूफानी हवाएं चलेंगी जो 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। चक्रवात आने के समय तूफानी हवाएं तटवर्ती ओड़िशा के गजपति, गंजाम, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुरा, कटक, भद्रक एवं केन्द्रपाड़ा जिलों तक पहुंचते पहुंचते 210..220 से 240 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती है।’’
गोपालपुर पर चक्रवात ‘फैलीन’ का कहर आने से पहले ओडिशा में पेड़ों के गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। राजधानी भुवनेश्वर में पेड़ गिरने से 42 साल की एक महिला की मौत हो गई। जगतसिंहपुर के गरामा गांव में भी तेज आंधी के बीच पेड़ गिरने से 35 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गंजाम जिले के खालीकोट में पेड़ गिरने से घायल एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं की जा सकी है। चक्रवात फैलिन के शाम तक तट से गुजरने की आशंका के बीच आंधप्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों के निचले इलाकों से दोपहर तक एक लाख से अधिक लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए।
ओड़िशा से सटे श्रीकाकुलम में चक्रवात के प्रभाव के चलते आज सुबह से बारिश होने लगी।
मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी ने दोपहर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद संवाददताओं से कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावित एहतियात किए गए हैं कि किसी की जान न जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी तैयारी अच्छी है। हमने सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए हैं। इसके अलावा, हम और कुछ नहीं कर सकते।’’ उन्होंने कहा कि ऐसी कोई प्रौद्योगिकी नहीं है, जिससे ऐसे चक्रवातों की तीव्रता का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा, ‘‘हवा की रफ्तार काफी तेज होगी और बारिश भी होगी। लेकिन लोगों को खौफजदा होने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं।’’
किरण ने तटीय जिलों के निवासियों से प्रशासन से सहयोग करने एवं सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की और कहा, ‘‘आप ऐसी स्थिति पैदा नहीं करें जिससे हमें आपको जबर्दस्ती वहां से हटाना पड़े। हम आपके मवेशियों का भी ख्याल रखेंगे’’
ओडिशा के तटीय इलाकों में चक्रवात ‘फैलिन’ की खतरनाक आहट से पैदा हुई घबराहट के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-5 पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गयी है। चेन्नई को कोलकाता से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-5 के जरिए ही भुवनेश्वर से गोपालपुर जाना होता है। गोपालपुर वही जगह है जहां चक्रवात का केंद्र रहने की आशंका जाहिर की जा रही है।
राज्य प्रशासन द्वारा चक्रवात से प्रभावित हो सकने वाले इलाकों की तरफ किसी के भी जाने पर रोक लगाए जाने की वजह से कई पहियों वाले ट्रक और अन्य चार पहिया वाहन राजमार्ग पर कतार में खड़े देखे जा सकते हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.