उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन
Advertisement

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन

देशभर में छठ का पावन पर्व शनिवार सुबह घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इसके साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत का समापन हो गया।

fallback

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली/पटना : देशभर में छठ का पावन पर्व शनिवार सुबह घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इसके साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत का समापन हो गया। इस अवसर पर दिल्ली में यमुना के कई घाटों समेत हिंडन नदी पर लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। दिल्ली के घाट पर आज सुबह मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन भी पहुंचे थे।
बिहार की राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के जेल में होने की वजह से छठ की राजनीतिक रौनक थोड़ी कम रही। बिहार में भी छठ पर्व को देखते हुए किए गए सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की वजह से इस दौरान छोटी-मोटी दुर्घटनाएं ही देखने को मिली, बाकी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) एस.के.भारद्वाज ने कहा, 'हम राहत महसूस कर रहे हैं कि छठ पूजा शांति से संपन्न हो गया।'
मुंबई में भी इस बार छठ को लेकर विशेष तैयारियों के बीच शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने उगते सूरज को अर्घ्य दिया। नदियों के अलावा पार्कों एवं मठ-मंदिरों के परिसरों में बनाये गए अस्थायी पार्कों में भी काफी संख्या में व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। छठव्रतियों ने अपने घर की छतों पर भी छोटा-सा अस्थायी टैंक बनाकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इससे पहले छठ पर्व के तीसरे दिन शुक्रवार को व्रतियों ने शुद्धता एवं पवित्रता के साथ गंगा व अन्य नदियों तथा सरोवरों में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। राजधानी दिल्ली में यमुना के घाटों पर दोपहर बाद से ही व्रतियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो सूर्यास्त तक जारी रहा। इस दौरान सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किये गए थे।

Trending news