देश की पहली मोनो रेल सेवा का मुंबई में उद्घाटन आज
Advertisement

देश की पहली मोनो रेल सेवा का मुंबई में उद्घाटन आज

देश की पहली मोनोरेल सेवा मुंबई के केंद्रीय-पूर्वी उपनगरीय वाडला-चेंबुर खंड के बीच आज शुरू हो रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण आज इस मोनोरेल सेवा का उद्घाटन करेंगे।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई : देश की पहली मोनोरेल सेवा मुंबई के केंद्रीय-पूर्वी उपनगरीय वाडला-चेंबुर खंड के बीच आज शुरू हो रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण आज इस मोनोरेल सेवा का उद्घाटन करेंगे। आम लोग कल (रविवार) से इस मोनोरेल पर यात्रा कर सकेंगे। दो साल से भी अधिक देरी के बाद महानगर में 8.9 किलोमीटर की यह मोनोरेल सेवा शुरू हो रही है।
करीब 3,000 करोड़ रुपए की लागत वाली मोनो रेल परियोजना दो चरणों में क्रियान्वित की जा रही है। पहले चरण में 8.9 किलोमीटर लंबा वाडला-चेंबूर खंड का निर्माण किया गया है जिसे आज (शनिवार को) उद्घाटन होगा। दूसरे चरण में दक्षिण मुंबई में संत गडगे महराज चौक तक इसका विस्तार किया जाएगा।
प्राधिकरण ने पहले चरण के लिए किराया 5 से 11 रुपए के बीच तय किया है और एमएमआरडीए पहले चरण में छह ट्रेन तथा दूसरे चरण में 10 ट्रेनों का परिचालन करेगी। शुरुआती चरण में मोनो रेल में चार डिब्बे होंगे। इसकी क्षमता 2,300 यात्रियों को लाने-ले जाने की है। सूत्रों ने बताया कि हर चार मिनट में यात्रियों के लिए मोनो रेल उपलब्ध होगी।
मोनोरेल परियोजना का क्रियान्वयन इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टूब्रो लि. (एल एंड टी) तथा मलेशियाई कंपनी स्कोमी इंजीनियरिग कंपनी का समूह कर रहा है। इसका परिचालन एमएमआरडीए करेगा। इस सेवा से वाडला और चेंबूर के बीच यात्रा समय मौजूदा 40 मिनट से घटकर करीब 21 मिनट रह जाएगा।

Trending news