जज पदोन्‍नति मामला: अन्नाद्रमुक सदस्यों ने किया हंगामा
Advertisement

जज पदोन्‍नति मामला: अन्नाद्रमुक सदस्यों ने किया हंगामा

पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यकाल में एक न्यायाधीश को कथित तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद पदोन्नत किए जाने को लेकर आज अन्नाद्रमुक सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

नई दिल्ली : पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यकाल में एक न्यायाधीश को कथित तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद पदोन्नत किए जाने को लेकर आज अन्नाद्रमुक सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति हामिद अंसारी ने कांग्रेस के रोनाल्डो सापा लाउ को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। रोनाल्डो उच्च सदन में मिजोरम की एकमात्र सीट के लिए निर्वाचित हुए हैं।

रोनाल्डो को शपथ दिलाने के बाद सभापति ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने का ऐलान किया, अन्नाद्रमुक सदस्यों ने संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान एक न्यायाधीश को कथित तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद पदोन्नति दिए जाने का मुद्दा उठाया। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मार्कन्डेय काटजू ने कथित तौर पर आरोप लगाया है कि पूर्ववती संप्रग सरकार के कार्यकाल में तमिलनाडु में एक न्यायाधीश को भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते पदोन्नत किया गया।

अन्नाद्रमुक सदस्यों ने प्रश्नकाल निलंबित करने और न्यायाधीशों की नियुक्ति में राजनीतिक हस्तक्षेप के मुद्दे पर चर्चा किए जाने की मांग की। सभापति ने सदस्यों से शांत रहने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। लेकिन अन्नाद्रमुक सदस्य अपनी बात पर जोर देने लगे। कुछ सदस्यों ने अखबारों की प्रतियां दिखाई। सभापति ने उनसे ऐसा न करने के लिए कहा। कांग्रेस के राजीव शुक्ला और द्रमुक की कनिमोई कुछ कहते देखे गए लेकिन हंगामे के कारण उनकी बात सुनाई नहीं दी। सदन में व्यवस्था बनते न देख अंसारी ने कुछ ही देर में बैठक 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

Trending news