महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था पर नाकाम हुई मोदी सरकार: कांग्रेस

नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में 100 दिन पूरे करने के मद्देनजर कांग्रेस ने इस पर बांटने वाली राजनीति

महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था पर नाकाम हुई मोदी सरकार: कांग्रेस

नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में 100 दिन पूरे करने के मद्देनजर कांग्रेस ने इस पर बांटने वाली राजनीति का ‘पूरी ताकत से’ बढ़ावा देने और मतदाताओं का बेरोकटोक ‘साम्प्रदायीकरण’ करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता अंबिका सोनी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राजग सरकार भाजपा के चुनाव प्रचार के तीन मुख्य मुद्दों..महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर नाकाम हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना एजेंडा बदल लिया है। अंबिका ने कहा, ‘उन्होंने निश्चित रूप से अपना एजेंडा बदल लिया है। जब वे :भाजपा: संप्रग को सत्ता से हटाना चाहते थे तब उनका मुख्य जोर किस बात पर था? मुख्य जोर भ्रष्टाचार और महंगाई पर था। उन्होंने अपना प्रचार अभियान इस पर आधारित किया। लेकिन कीमतें बढ़ीं और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कोई कदम नहीं उठाया गया।’

उन्होंने कहा, ‘कानून व्यवस्था बदतर हुई क्योंकि सामाजिक तनाव बढ़ा और दुर्भाग्य से बांटने वाली राजनीति तथा मतदाताओं का साम्प्रदायीकरण या ध्रुवीकरण बेरोकटोक पुरजोर तरीके से हो रहा है।’ उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘और प्रधानमंत्री इस पर पूरी तरह से चुप हैं।’ अंबिका ने पूछा, ‘देश का आज माहौल देख लीजिए। समूचे उत्तर प्रदेश को देखिए..बांटने पर, विभाजनकारी राजनीति पर जोर है। भाजपा के सांसदों को देखिए। सांसदों को देखिए, जिन्हें उत्तर प्रदेश में प्रचार का प्रभारी बनाया गया है। उनका पिछला रिकार्ड क्या है।’

 

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.