गैर भाजपा गैर कांग्रेस मोर्चा के लिए पार्टियों की बैठक आज
Advertisement

गैर भाजपा गैर कांग्रेस मोर्चा के लिए पार्टियों की बैठक आज

लोकसभा चुनाव से पहले गैर भाजपा और गैर कांग्रेस मोर्चा बनाने के प्रयास तेज होने के बीच वाम दलों सहित विभिन्न पार्टियां बुधवार को यहां बैठक कर रही हैं। बैठक में तय होगा कि कल से शुरू हो रहे संसद सत्र में क्या रणनीति अपनायी जाए।

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले गैर भाजपा और गैर कांग्रेस मोर्चा बनाने के प्रयास तेज होने के बीच वाम दलों सहित विभिन्न पार्टियां बुधवार को यहां बैठक कर रही हैं। बैठक में तय होगा कि कल से शुरू हो रहे संसद सत्र में क्या रणनीति अपनायी जाए। वाम सूत्रों ने बताया कि चुनावी गठजोड़ की दिशा में आगे कदम बढ़ाते हुए सपा, जदयू, अन्नाद्रमुक, बीजद और जद-एस जैसे दल माकपा, भाकपा, आरएसपी और फॉरवर्ड ब्लाक के साथ मिलकर सत्र के दौरान अपनायी जाने वाली रणनीति तय करेंगे।तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए अभी कल ही अन्नाद्रमुक ने भाकपा और माकपा के साथ गठजोड किया है।
इन गैर कांग्रेस और गैर भाजपा दलों के संसदीय समूहों के नेताओं की कल होने वाली बैठक के बारे में माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि जनता एक व्यावहारिक विकल्प तलाश रही है, जिसकी नीतियां उसे राहत पहुंचाये। उन्होंने चंडीगढ़ में कहा, हमारा मानना है कि जनता ऐसा विकल्प चाहती है जो ऐसी नीतियों पर चले, जिससे जनता को फायदा पहुंचे। ऐसे में जनता यह कतई नहीं चाहती कि केवल बहुमत के लिए विकल्प दिया जाए।
संसद सत्र के बारे में येचुरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले यह अंतिम सत्र होगा। यह सुनिश्चित करने का प्रयास होगा कि जनता के कल्याण से जुड़े सभी लंबित विधेयक पारित हों। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव कह चुके हैं कि मौजूदा हालात में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए गैर कांग्रेस और गैर भाजपा दलों का समूह बनाना महत्वपूर्ण होगा। येचुरी ने कहा कि हम कहते आ रहे हैं कि जनता को राहत चाहिए। उसे बोझ से राहत चाहिए, वह बोझ जो उस पर डाला गया है। भ्रष्टाचार से जनता तंग आ चुकी है। अब उसे विकल्प की तलाश है। (एजेंसी)

Trending news