कड़ाके की ठंड की चपेट में उत्तर भारत, यातायात प्रभावित

उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। उधर, जम्मू कश्मीर में 40 दिनों तक चलने वाली सर्वाधिक कड़ाके की सर्दी वाली अवधि ‘चिल्लाई कलां’ आज से शुरू हो गई जबकि मैदानी इलाके सर्द हवाओं की गिरफ्त में हैं। घने कोहरे की चादर ने उत्तरवर्ती क्षेत्र के मैदानी इलाकों को लपेट रखा है। इससे हवाई और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है जबकि कश्मीर घाटी के उपरी इलाकों और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई।

नई दिल्ली : उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। उधर, जम्मू कश्मीर में 40 दिनों तक चलने वाली सर्वाधिक कड़ाके की सर्दी वाली अवधि ‘चिल्लाई कलां’ आज से शुरू हो गई जबकि मैदानी इलाके सर्द हवाओं की गिरफ्त में हैं। घने कोहरे की चादर ने उत्तरवर्ती क्षेत्र के मैदानी इलाकों को लपेट रखा है। इससे हवाई और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है जबकि कश्मीर घाटी के उपरी इलाकों और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहे। यहां ठिठुराने वाली ठंड रही और कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम हो गया। शहर में दिन का तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे की चादर छाई रही बल्कि उड़ानों की आवाजाही में कोई बाधा नहीं पहुंची। जम्मू कश्मीर में लोगों को आज सुबह कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहां 40 दिवसीय कड़ाके की सर्दी वाली अवधि आज शुरू हुई।
शीतलहर ने घाटी पर अपनी पकड़ और बना ली। वहां पारा में काफी गिरावट आई है। वहीं, गुलमर्ग और पहलगाम रिसॉर्ट्स के उपरी इलाकों में बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में पांच इंच बर्फबारी हुई जबकि पहलगाम में दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। शोपियां, जवाहर सुरंग और सोनमर्ग समेत घाटी के अन्य उपरी क्षेत्रों से भी बर्फबारी की खबरें मिली हैं। श्रीनगर में हल्की बर्फबारी हुई। वहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। गुलमर्ग में शून्य से सात डिग्री सेल्सियस कम जबकि पहलगाम हिल रिसॉर्ट में शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। यद्यपि ‘चिल्लाई कलां’ 31 जनवरी को समाप्त हो जाएगा लेकिन ठंड उसके बाद भी जारी रहेगा। 40 दिवसीय सर्वाधिक ठंड वाले दिनों के बाद 20 दिन तक चलने वाला ‘चिल्लाई खुर्द’ (थोड़ा ठंडा) और 10 दिन तक चलने वाला ‘चिल्लाई बच्चा’ शुरू होगा।
पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में कोहरा के कारण सामान्य जनजीवन बाधित है और इसकी वजह से हवाई और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र में अगले 24 घंटे में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। यद्यपि न्यूनतम तापमान पंजाब और हरियाणा में सामान्य से कुछ डिग्री सेल्सियस उपर रहा। वहीं, ठंड की स्थिति राज्यों में बरकरार है।
पंजाब में अमृतसर में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस उपर है। लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 9.4 डिग्री सेल्सियस और 10.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अंबाला और हिसार में क्रमश: 9.5 डिग्री सेल्सियस और 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। वहां क्रिसमस के लिए बड़ी तादाद में पर्यटक जुटने लगे हैं। उपरी उंचाई वाले क्षेत्रों और अन्य उपरी क्षेत्रों में नए सिरे से बर्फबारी और क्षेत्र में तेज गति वाली बर्फीली हवाओं के चलने से शीतलहर आज तेज हो गई। आकाश आज आच्छादित रहा जिससे दिन के तापमान में गिरावट आई जबकि राज्य में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। आकाश के आच्छादित रहने के कारण सूर्य की किरणें क्षेत्र को गर्म करने में विफल रहीं। वहीं, सर्द हवाओं ने उपरी क्षेत्रों में लोगों को अपने-अपने घरों में रहने को मजबूर किया।
जनजातीय जिले लाहौल और स्पीति में केलांग और काल्पा में क्रमश: शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। मनाली और भुंतर में क्रमश: शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम और 0.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उसके बाद सोलन और सुंदरनगर में क्रमश: एक डिग्री सेल्सियस जबकि शिमला और हमीरपुर में 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मरस्थलीय राज्य राजस्थान में अनेक स्थानों पर आज कुहासा छाया रहा। वहां का न्यूनतम तापमान और गिरा। राज्य में माउन्ट आबू सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं, बीकानेर में 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बाड़मेर, कोटा, जैसलमेर और जोधपुर में क्रमश: 7, 7.2, 7.4 और 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि प्रदेश की राजधानी जयपुर समेत अन्य स्थानों पर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.