खतरनाक रूप ले सकता है चक्रवात 'हुडहुड', आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट

उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में तब्‍दील हो गया है और यह विशाखापत्तनम से करीब 1000 किलोमीटर दूर पूर्व दक्षिण पूर्व में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर कायम है।

खतरनाक रूप ले सकता है चक्रवात 'हुडहुड', आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

विशाखापत्तनम : उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में तब्‍दील हो गया है और यह विशाखापत्तनम से करीब 1000 किलोमीटर दूर पूर्व दक्षिण पूर्व में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर कायम है। मौसम कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक यह पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अगले 36 घंटों में यह प्रचंड चक्रवात बन जाएगा। बयान में कहा गया है कि चक्रवात ‘हुडहुड’ के विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और ओड़िशा तट 12 अक्‍टूबर को पार करने की उम्‍मीद है। इस चक्रवाती तूफान के कारण भारी बारिश होने की संभावना है। उधर, इस चक्रवाती तूफान के चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात ‘हुदहुद’ ने पोर्टब्लेयर और अंडमान निकोबार के लांग द्वीप को पार कर लिया है और तूफान की रफ्तार अभी 67 किलोमीटर प्रतिघंटा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने दिल्ली में बताया कि यह 12 अक्टूबर को दोपहर में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और ओडिशा में गोपालपुर के बीच से पूर्वी तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 130 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की आशंका है और तूफान की गति 155 किलोमीटर प्रतिघंटा तक बढ़ सकती है। हालांकि उन्होंने बताया कि अभी तक चक्रवात के स्थलीय क्षेत्र में प्रवेश करने का कोई स्थान तय नहीं हो पाया है और इसके समुद्री इलाके में ही रहने की संभावना है। पिछले वर्ष अक्टूबर में आए फैलिन के बाद ‘हुडहुड’ इस साल का दूसरा भयानक चक्रवात है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हालांकि यह फैलिन जितनी तबाही नहीं मचाएगा लेकिन यह उसी श्रेणी का चक्रवात है।

उधर, हुदहुद के समुद्री तट के नजदीक पहुंचने के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने किसी को हताहत नहीं होने देने का लक्ष्य रखते हुए ठीक वैसी ही तैयारी की है, जैसा फैलिन चक्रवात से निपटने के लिए किया गया था।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.