पाकिस्तान ने भारत से कड़ा विरोध जताया, संघर्षविराम उल्लंघन रोकने को कहा

पाकिस्तान ने सीमा पर कथित संघषर्विराम उल्लंघनों के लिए सोमवार को भारत से ‘कड़ा’ विरोध जताया जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो गई है।

पाकिस्तान ने भारत से कड़ा विरोध जताया, संघर्षविराम उल्लंघन रोकने को कहा

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने सीमा पर कथित संघषर्विराम उल्लंघनों के लिए सोमवार को भारत से ‘कड़ा’ विरोध जताया जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो गई है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘पाकिस्तान सरकार ने कूटनीतिक जरिये से भारत सरकार से कड़ा विरोध जताया है और उससे कहा है कि वह संघर्षविराम का लगातार उल्लंघन करने वाले अपने सैनिकों को रोके।’ पाकिस्तान ने कहा कि भारतीय सैनिकों की ओर से की गई गोलीबारी में उसके चार नागरिक मारे गए हैं और तीन अन्य घायल हो गए हैं।

इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मृतकों में दो बच्चे और एक महिला शामिल है। दूसरी ओर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से जम्मू और पुंछ सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पार किये गए भारी मोर्टार गोलाबारी और गोलीबारी में भारतीय क्षेत्र में पांच ग्रामीणों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए। इसको लेकर भारत ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

जम्मू और पुंछ सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा भीषण संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए की गयी गोलीबारी और गोलाबारी में सोमवार को पांच ग्रामीण मारे गए तथा 34 अन्य घायल हो गए। इसकी भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के अरनिया बेल्ट में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 10 सीमा चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर कल रात 10 बजे से बिना उकसावे के भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे जो सुबह तक चला।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने इसका मुहंतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंतिम खबर मिलने तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी। जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तम चंद ने बताया कि गोलेबारी में पांच ग्रामीणों की मौत हो गयी और कई सुदूर गांवों में 34 लोग घायल हो गये। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने सीमापार से संघर्षविराम उल्लंघन की निंदा की और कहा कि भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं और सीमापार से इस तरह की उकसावे की हर गतिविधि का जवाब दे रहे हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान को अब संघर्षविराम उल्लंघन बंद कर देना चाहिए और इस हकीकत को समझना चाहिए कि भारत में समय बदल गया है।’ जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नागरिकों पर गोले दागे जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आम लोगों को निशाना बनाने से पाकिस्तान सरकार की हताशा उजागर होती है जो कश्मीर मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकषिर्त नहीं कर सकी। गोलाबारी में घायल नागरिकों से सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘उन्हें और कुछ नहीं कहना बस कश्मीर की बात करते हैं। वे जब भी विदेश जाते हैं तो कश्मीर मुद्दा उठाने का प्रयास करते हैं लेकिन हर बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित करने में नाकाम रहते हैं। सीमापार से गोलाबारी उनकी हताशा का संकेत है।’

उमर ने अरनिया में मारे गये लोगों के अंतिम संस्कार में भाग लिया और आज तड़के पाकिस्तान की ओर से की गयी भारी गोलाबारी में प्रभावित हुए गांव का भी दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पाकिस्तान द्वारा लगातार संघर्षविराम उल्लंघन के मद्देनजर हालात की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देंगे।

गोलाबारी से प्रभावित इलाकों का दौरा करने वाले पीटीआई के एक संवाददाता ने खून से सने बिस्तर, टूटी हुई छतें और गोलियों से क्षतिग्रस्त खिड़कियों के साथ जमीन पर बिखरे पड़े मोर्टार बमों के छर्रे देखे। हमलों की आशंका के डर से कुछ लोगों के प्रभावित इलाकों से जाने की भी खबरें हैं।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे नियंत्रण रेखा पर भीमबेर गली (बीजी) बेल्ट में भी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की और मोर्टार दागे। पाकिस्तानी सैनिकों ने सीमावर्ती गांवों और चौकियों को निशाना बनाने के लिए छोटे, स्वचालित और मोर्टार बमों का इस्तेमाल किया। गोलीबारी में घायल हुए 29 लोगों को जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य को मृत घोषित किया गया। यह जानकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रीतेश शाह ने दी।

70 वर्ष की बीरा देवी के मुताबिक, ‘हम हमेशा आग में फंसे रहे हैं। पाकिस्तान की ओर से हमेशा इलाके में नागरिकों पर हमले किये जाते हैं और हम सबसे बुरी तरह प्रभावित होते हैं।’ घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले दल का नेतृत्व कर रहे अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि गोलेबारी में बड़ी संख्या में घर तबाह हो गये और मवेशी जल गये। सिंह ने कहा, ‘सीमा पर खतरे वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को वहां से निकाला जाएगा।’ बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बल का कोई कर्मी हताहत नहीं हुआ है।

कांग्रेस और भाजपा ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा संघर्षविराम का उल्लंघन गंभीर मुद्दा है और उसे इस तरह की गतिविधियों से बचना चाहिए। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, ‘पाकिस्तान जो भी कर रहा है, वह निश्चित तौर पर एक गंभीर मुद्दा है। हम पाकिस्तान को यह बता देना चाहते हैं कि ऐसी गतिविधियां उसके लिए अच्छी नहीं हैं।’

पाकिस्तान की गतिविधियों की निंदा करते हुए पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि ऐसी घटनाएं ईद के मौके पर हुईं। इससे ज्यादा बुरा और कुछ हो नहीं सकता। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मोदी सरकार इन घटनाओं पर चुप्पी क्यों साधे है। उन्होंने कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी जारी है और इस समय सीमा पार से होने वाली कोई भी गोलीबारी बहुत अधिक गंभीर है। सबसे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि सरकार भी चुप्पी साधे हुए है।’

पिछले चार दिन में जम्मू कश्मीर में भारत पाक सीमा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करीब एक दर्जन बार हुआ है। जम्मू में अस्पताल भेजे गए घायलों के परिजनों के चेहरों पर भय साफ देखा जा सकता है। पिंडी गांव के करण सिंह ने कहा, ‘मोर्टार बमों के हमलों और उनके फटने की आवाज से हमें लग रहा था कि हम किसी भी समय मारे जा सकते हैं।’ यहीं की निवासी रानो देवी ने कहा, ‘पाकिस्तान हमें बार..बार निशाना बनाता रहता है। सरकार को तत्काल कुछ न कुछ करना चाहिए। हम मरने के लिए सीमा पर नहीं रह सकते।’

जीएमसीएच अस्पताल में इलाज करा रहीं 42 साल की सुदेश कुमारी ने कहा, ‘यह डरावनी रात थी। कल रात हमारे साथ जो कुछ हुआ, हम उसे भुला नहीं पाएंगे। हम गहरी नींद में थे तभी जोरदार धमाके की आवाज से हमारी नींद खुल गयी। हमने देखा कि हमारे शरीर से खून निकल रहा था।’ जीएमसीएच के सीएमओ डॉ रीतेश ने बताया, ‘तड़के करीब तीन बजे 32 घायल नागरिकों को हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन को मृत घोषित किया गया। 29 लोग घायल थे जिनमें से कुछ गंभीर हैं। दो गंभीर घायलों का ऑपरेशन किया गया।’

इस बीच सेना ने कहा है कि भारत में बेगुनाह नागरिकों पर पाकिस्तानी जवानों का हमला अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.