पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्षविराम, सेना ने की जवाबी कार्रवाई

पाकिस्तान ने आज एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह जम्मू के पुंछ और राजौरी में गोलीबारी की। जवाब में सेना ने भी जवाबी फायरिंग की।

पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्षविराम, सेना ने की जवाबी कार्रवाई

जम्मू : संघर्षविराम उल्लंघन के एक और मामले में पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के पूंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब भारतीय चौकी को निशाना बनाते हुए भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे जिसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुबह में करीब साढे सात बजे पूंछ जिले के मेंढर-भीमबरगली-केरी अग्रिम चौकी इलाके में पाकिस्तानी सैनिकों ने 81 एमएम मोर्टार दागे और गोलीबारी की।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी की वजह से एलओसी के इस तरफ किसी के हताहत होने या संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी चौकसी के साथ सीमा की सुरक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी तीन अग्रिम चौकी क्षेत्रों में हुई।

अप्रैल के अंत और मध्य मई में एलओसी के करीब संघषर्विराम उल्लंघन की 19 घटनाएं हुईं। 2013 में संघर्षविराम उल्लंघन के 149 मामले में भारत-पाक सीमा के करीब अग्रिम चौकियों, गश्ती दलों, नागरिकों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी की घटनाओं में 12 जवान मारे गए और 41 घायल हुए थे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.