धूमधाम से मनाया गया 65वां गणतंत्र दिवस, राष्ट्रपति ने फहराया तिरंगा, राजपथ से हिंदुस्तान ने दुनिया को दिखाया दम

देशभर में आज 65वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को देश ने अपने मौजूदा संविधान को अपनाया था। इस दिन सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया था कि प्रतिवर्ष 26 जनवरी का दिन `पूर्ण स्वराज दिवस` के रूप में मनाया जाएगा। इस तरह 26 जनवरी अघोषित रूप से भारत का स्वतंत्रता दिवस बन गया था। तब से प्रति वर्ष आज के दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: देशभर में आज 65वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को देश ने अपने मौजूदा संविधान को अपनाया था। इस दिन सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया था कि प्रतिवर्ष 26 जनवरी का दिन `पूर्ण स्वराज दिवस` के रूप में मनाया जाएगा। इस तरह 26 जनवरी अघोषित रूप से भारत का स्वतंत्रता दिवस बन गया था। तब से प्रति वर्ष आज के दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।
विजय चौक से ऐतिहासिक लालकिले तक दोनों ओर उत्साही जनता के विशाल हुजूम के बीच, प्राचीन काल से चली आ रही भारत की अनूठी एकता में पिरोई विविधताओं वाली विरासत, आधुनिक युग की विभिन्न क्षेत्रों की उसकी उपलब्धियां और देश की सुरक्षा की गारंटी देने वाली फौज की क्षमता का आज देश के 65वें गणतंत्र दिवस के मौके पर भव्य प्रदर्शन हुआ।
गणतंत्र दिवस परेड में ही नहीं बल्कि उसे देखने आए देश के हर क्षेत्र, समुदाय, जाति और धर्म के उमड़े जन सैलाब ने अनेकता में एकता के जज़्बे का अनूठा प्रदर्शन किया। परेड के 8 किलोमीटर के रास्ते में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वृद्धोंे के चेहरों की चमक और उत्साह देखते ही बनता था।
भव्य राष्ट्रपति भवन के समीप से रायसीना हिल्स की ओट से परेड की अगुवाई करने वाली सेना की पहली टुकड़ी की झलक पाते ही विजय चौक से राजपथ तक , लोगों की करतल ध्वनियों से गूंज गया। परेड का नेतृत्व दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रतो मित्रा ने किया। दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल राजवीर सिंह सैकंड-इन-कमांड रहे।
इस साल की परेड में भारत के पहले स्वेदश विकसित हल्के लड़ाकू विमान तेजस का प्रदर्शन आकषर्ण का केंद्र रहा। डीआरडीओ द्वारा तैयार इस विमान को भारत की वायु रक्षा तैयारियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परंपरा के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान हुआ और परेड की विधिवत शुरूआत हुई। राष्ट्रपति ने परेड की सलामी ली। परेड में इस साल मुख्य अतिथि के तौर पर जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे उपस्थित थे। पहले स्वदेश निर्मित और विकसित मुख्य युद्ध टैंक (एमबीटी अर्जुन) एमके-2 का भी प्रदर्शन किया गया। वायु सेना में हाल ही में शामिल किये गये परिवहन विमान सी-130जे सुपर हरक्युलिस ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
डीआरडीओ ने इस मौके पर अपनी ‘अस्त्र’ और ‘हेलिना’ मिसाइलों तथा मानवरहित प्रणालियों पर आधारित एक झांकी ‘दक्ष’ का प्रदर्शन भी किया। भारतीय सेना द्वारा प्रदर्शित शस्त्र प्रणाली में टैंक टी-90 ‘भीष्म’, आईसीवी बीएमपी-2 (सरथ), टीके-टी-72, ओएसए-एके शस्त्र प्रणाली, ब्रह्मोस शस्त्र प्रणाली और परिहवन योग्य उपग्रह टर्मिनल (टीएसटी) आदि शामिल हैं। वायु सेना की झांकी ‘भारतीय वायु सेना में बदलाव’ के थीम पर आधारित थी जिसमें पिछले आठ दशक में वायु सेना के बहुस्तरीय बदलावों को झलकाया गया और उसकी पूरी क्षमता का प्रदर्शन किया गया। नौसेना की झांकी में एक पनडुब्बी के मॉडल को दर्शाया गया।
इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा पुष्पमाला चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद समारोह की शुरूआत हुई।
नौसेना की मार्च कर रही टुकड़ियों में 144 जवान थे जिनका नेतृत्व सर्जन लेफ्टिनेंट अंबिका नौटियाल ने किया। वायु सेना की 144 जवानों की टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर मानवेंद्र सिंह ने किया। अर्धसैनिक बलों की मार्च करने वाली टुकड़ियों में सीमा सुरक्षा बल, असम राइफल्स, तट रक्षक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, रेलवे सुरक्षा बल, दिल्ली पुलिस के जवान तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर और राष्ट्रीय सेवा योजना के कैडेट शामिल हुए।
परेड में 18 राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों तथा विभागों की झांकियों ने देश की विविधतापूर्ण ऐतिहासिक, वास्तुशिल्प और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति को भी दिखाया। राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार-2013 के लिए चुने गये 25 बच्चों में से 20 ने परेड में भाग लिया। पांच बच्चों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया है। पिछले कई बार की तरह सीमा सुरक्षा बल के मोटरसाइकिल सवारों की ‘जांबाज’ प्रस्तुति भी परेड का मुख्य आकषर्ण रही। इसमें 30 बाइकों पर 162 सवारों ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाए।
परेड के आखिर में वायु सेना के विमानों ने आसमान में ऐसे करतब दिखाए जिसे लोग सांस थामे देखते रह गए। इस बार फ्लाइपास्ट में ‘चक्र’ फार्मेशन किया गया। इसमें एमआई-35 हेलिकाप्टरों, सी-130जे सुपर हकरुलस, सी-17 ग्लोबमास्टर, सुखोइ-30, मिग-29 ने हिस्सा लिया। फ्लाइपास्ट में ‘चक्र’ फार्मेशन के साथ ‘त्रिशूल’ और ‘ग्लोब’ फार्मेशन भी किया गया।
....................................
* आसमान में सेना के विमानों ने दिखाए करतब।
* जवानों ने बाइक पर हैरतंगेज करतब दिखाए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी उत्साह में ताली बजाते देखे गए।
* राजपथ पर जीप पर सवार बहादुर बच्चे, इन बच्चों को बहादुरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
* लोक निर्माण विभाग की झांकी का केंद्र फूलों से सजे राजपथ।
* जनजातीय कार्य मंत्रालय की झांकी का केंद्र प्रकृति।
* भूविज्ञान मंत्रालय की झांकी का केंद्र अंटार्कटिका में में चुनौतियों की तस्वीर।
* रेल मंत्रालय की झांकी का केंद्र पीर पंजाल का सुरंग।
* कृषि मंत्रालय की झांकी में कंप्यूटर-मोबाइल से जुड़े किसान।
* महाराष्ट्र की झांकी, जम्मू कश्मीर की झांकी, राजस्थान की झांकी और छत्तीसगढ़ की झांकी पेश की गई।
* कर्नाटक की झांकी का केंद्र टीपू सुल्तान।
* चंडीगढ़ की झांकी में कबाड़ से बनी कलाकृति।
* असम की झांकी का केंद्र भूपेन हजारिका।
* तमिलनाडु की झांकी में दिखा पोंगल की झलक।
* पश्चिम बंगाल की झांकी का केंद्र मां दुर्गा।
* अरूणाचल प्रदेश की झांकी का केंद्र जड़ी बूटी।
* पहले उत्तर प्रदेश की झांकी दिखाई गईँ, जिसमें बनारस की सुबह को दिखाया गया।
* राजपथ पर देश भर की झांकियां, 13 राज्यों और 5 मंत्रालयों की झांकियां।
* राजसी वेशभूषा में सीमा सुरक्षा बल के ऊंट दस्ते ने तिरंगे को सलामी दी।
* राजपथ पर भूतपूर्व सैनिकों का तिरंगे को सलाम
* ब्रह्मोस मिसाइल को भी झांकी में प्रदर्शित किया गया।
* स्वदेश में ही निर्मित अर्जुन टैंक को प्रदर्शित किया गया।
* राजपथ पर झांकी में देश में ही बने पहले लड़ाकू विमान तेजस को प्रदर्शित किया गया।
* राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड जारी है। सेना की अलग-अलग टुकड़ियां मार्च कर रही हैं।
* राजपथ पर झांकी में महार रेजिमेंट का दस्ता।
* राजपथ पर झांकी में मद्रास रेजिमेंट का दस्ता।
* राजपथ पर झांकी में पैराशूट रेजिमेंट के जवान मार्च करते हुए।
* राजपथ पर झांकी में ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की झांकी
* राजपथ पर झांकी में एयर मिसाइल डिफेंस सिस्टम।
* गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि जापान के पीएम शिन्जो अबे राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के साथ परेड देख रहे हैं।
* राजपथ पर देश के ताकत की झांकी दिखाई जा रही है।
* टी 90 भीष्म और टी-72 टैंकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी
* बाना रेजिमेंट ने तिरंगे को सलामी दी
* अशोक चक्र विजेताओं की भी तिरंगे की सलामी
* नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए श्री प्रसाद बाबू
* मरणोपरांत श्री प्रसाद बाबू को अशोक चक्र दिया गया।
* अबे का परिचय तीनों सेनाओं के प्रमुखों और अन्य गणमान्य अधिकारियों से कराया गया और उसके बाद उन्हें राष्ट्रपति के दाहिने ओर बैठाया गया।
* जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने 65वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर गणतंत्र दिवस परेड का अवलोकन किया।
* राजपथ पर परेड शुरू होने से पहले राष्ट्रध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।
* राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने फहराया तिरंगा।
* राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी राजपथ पहुंचे साथ में मुख्य अतिथि शिंजो अबे।
* राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग आए हुए हैं।
* प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमर जवान ज्योति पर रखे रजिस्टर में अपना संदेश दर्ज किया।
* प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी और मौजूद अन्य गणमान्यों ने दो मिनट का मौन रखा।
* अमर जवान ज्योति पर प्रधामनंत्री ने किया शहीदों को नमन।
* अमर जवान ज्योति पर तीनों सेना प्रमुखों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
* गणतंत्र दिवस समारोह में सिंह के जापानी समकक्ष शिंजो अबे मुख्य अतिथि हैं।
* सेना के वीरता पुरस्कार, तीन कीर्ति चक्र और 10 शौर्य चक्र दिए जाएंगे
* गूगल भी तिरंगे के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
* दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.