शीला दीक्षित ने केरल के राज्यपाल पद से दिया इस्तीफा
Advertisement

शीला दीक्षित ने केरल के राज्यपाल पद से दिया इस्तीफा

शीला दीक्षित ने केरल के राज्यपाल पद से दिया इस्तीफा

ज़ी मीडिया ब्यूरो

दिल्ली : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने मंगलवार को केरल के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। दीक्षित ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भेज दिया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायणन ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि शीला दीक्षित भी अपने पद से इस्तीफा दे सकती हैं।

यूपीए सरकार के कार्यकाल में नियुक्त किए गए कई राज्यपालों ने अपना इस्तीफा हाल के दिनों में दिया है। इन पदों पर राजग सरकार अभी नई नियुक्तियां नहीं की है। हालांकि, कुछ नामों पर चर्चाएं चल रही हैं।

पूर्व कानून मंत्री एचआर भारद्वाज द्वारा कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में जुलाई में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद से वहां भी यह पद रिक्त है। इस महीने मार्गरेट अल्वा के राजस्थान का राज्यपाल का अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद से वहां भी यह स्थान रिक्त है।

गोवा के राज्यपाल बी वी वांचू द्वारा इस्तीफा दिए जाने से वहां पिछले महीने से यह पद रिक्त है। राजग सरकार ने मिजोरम की राज्यपाल कमला बेनीवाल को बर्खास्त कर दिया है। गुजरात में राज्यपाल रहते राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके बीच टकराव की स्थिति बनी रहती थी। पूर्व कांग्रेसी नेता वीरेन्द्र कटारिया को भी पिछले महीने पुडुचेरी के उप-राज्यपाल के पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

नई सरकार के गठन के बाद केन्द्रीय गृह सचिव के टेलिफोन के बाद पांच राज्यों के राज्यपालों ने इस्तीफा दे दिया था। इनमें पश्चिम बंगाल के एमके नारायणन, नगालैंड के अश्विनी कुमार, उत्तर प्रदेश के बीएल जोशी, गोवा के बीवी वांचू और छत्तीसगढ़ के शेखर दत्त शामिल हैं।

कांग्रेस के नेता जग्गनाथ पहाड़िया ने पिछले साल हरियाणा के राज्यपाल का अपना कार्यकाल पूरा किया है। उत्तराखंड के राज्यपाल अज़ीज़ कुरैशी ने उन्हें कार्यलाय से हटाने के मोदी सरकार के कदमों को अदालत में चुनौती दी है।

नई राजग सरकार अब तक छह राज्यपाल नियुक्त कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के राम नाईक, पश्चिम बंगाल के केशरीनाथ त्रिपाठी, गुजरात के ओम प्रकाश कोहली, छत्तीसगढ़ के बलरामजी दास टंडन, नगालैंड के पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य और हरियाणा के कप्तान सिंह सोलंकी शामिल हैं।

 

Trending news