
ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े के साथ बदसलूकी मामले पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। देवयानी के साथ हुए बर्ताव पर गृह मंत्रालय भी नाराज है। ज़ी न्यूज से बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि अमेरिका ने देवयानी के साथ गलत व्यवहार किया है और देवयानी को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि देवयानी के साथ किया गया अमेरिकी व्यवहार अशोभनीय और आपत्तिनजक था।
गौर हो कि वीजा जालसाजी मामले में 1999 बैच की आईएफएस अधिकारी देवयानी को उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गई थीं। उन्हें सार्वजनिक रूप से हथकड़ी लगाई गई। बाद में उन्होंने कोर्ट में कहा कि वह दोषी नहीं हैं। इसके बाद उन्हें ढाई लाख डॉलर के बॉन्ड पर रिहा किया गया।
भारत ने देवयानी की गिरफ्तारी और उनकी जामा तलाशी को ‘बर्बर’ कार्रवाई बताते हुए अमेरिकी राजनयिकों एवं उनके परिवार के लोगों के विशेषाधिकार छीनने, उनके सभी एयरपोर्ट पास वापस लेने तथा अमेरिकी दूतावास के लिए आयात मंजूरी रोकने सहित कई सख्त कदम उठाए।