जानेमाने पत्रकार और लेखक खुशवंत सिंह का निधन

जानेमाने पत्रकार और लेखक खुशवंत सिंह का निधन हो गया। गुरुवार को उन्होंने आंतिम सांस ली। वह 99 वर्ष के थे और उनका जन्म पंजाब में वर्ष 1915 में हुआ था।

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली: जानेमाने पत्रकार और लेखक खुशवंत सिंह का निधन हो गया है। गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 99 वर्ष के थे और उनका जन्म पंजाब में वर्ष 1915 में हुआ था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
उनके पुत्र और पत्रकार राहुल सिंह ने बताया कि उन्होंने सुजान सिंह पार्क स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। राहुल ने बताया कि उन्होंने जीवन को पूरी जिंदादिली से जिया। उन्हें सांस लेने में कुछ परेशानी थी।
सिविल कंट्रैक्टर और लुटियन दिल्ली के जाने माने बिल्डर सर शोभा सिंह के पुत्र खुशवंत सिंह सुजान सिंह पार्क स्थित अपने निवास में रहते थे जिसे उनके पिता ने बनाया था। यहीं पर सिंह ने अंतिम सांस ली।
खुशवंत सिंह भारत के प्रसिद्ध पत्रकार, लेखक, उपन्यासकार और इतिहासकार थे। एक पत्रकार के रूप में इन्होंने बहुत लोकप्रियता हासिल की और खूब नाम कमाया । `भारत सरकार` के `विदेश मन्त्रालय` में विदेश सेवा के सम्माननीय पद पर भी खुशवंत सिंह जी ने कार्य किया ।
वर्ष 2000 में इनको `वर्ष का ईमानदार व्यक्ति` सम्मान मिला था। `पद्म भूषण` (1974) और `पद्म विभूषण` (2007) जैसे अलंकरणों से भी इन्हें सम्मानित किया गया था।
पत्रकार के तौर पर खुशवंत सिंह ने ‘इलस्ट्रेटेड वीकली आफ इंडिया’ का संपादन किया जिसका प्रकाशन अब बंद हो चुका है । इसके बाद वह ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ अखबार के भी संपादक रहे । उनका साप्ताहिक स्तम्भ ‘विद मैलिस टुवर्ड्स वन एंड ऑल’ काफी लोकप्रिय हुआ और कई समाचारपत्रों में छपता रहा। दिवंगत इंदिरा गांधी की सरकार की ओर से सिंह को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। वह 1980 से 86 तक सांसद रहे।
खुशवंत सिंह को 1974 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। 1984 में स्वर्ण मंदिर में सेना के प्रवेश के विरोध में उन्होंने यह सम्मान लौटा दिया था। 2007 में उन्हें पद्म विभूषण से विभूषित किया गया । सिंह ने ‘ट्रेन टू पाकिस्तान’ और ‘आई शैल नाट हियर द नाइटिंगल’ जैसी लोकप्रिय पुस्तकें लिखीं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.