कांग्रेस ने `आदर्श` उम्मीदवारों को टिकट देकर पुरस्कृत किया : नरेंद्र मोदी
Advertisement

कांग्रेस ने `आदर्श` उम्मीदवारों को टिकट देकर पुरस्कृत किया : नरेंद्र मोदी

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने शनिवार को चंडीगढ़ में संप्रग पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार देश के लिए ‘बोझ’ हो गई है और सत्तारूढ़ दल के लिए भ्रष्टाचार जीने का तरीका बन गया है।

fallback

चंडीगढ़ : नरेन्द्र मोदी ने आज कांग्रेस पर ‘दागी’ नेताओं को टिकट देने के लिए हमला करते हुए कहा कि अशोक चव्हाण और पवन कुमार बंसल सहित ‘आदर्श उम्मीदवारों’ को पुरस्कृत किया गया है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने संप्रग पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार देश के लिए ‘बोझ’ हो गई है और सत्तारूढ़ दल के लिए भ्रष्टाचार जीने का तरीका बन गया है।
अपने 45 मिनट के भाषण में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने लोगों से अपील की कि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करें। चव्हाण को टिकट देने के लिए कांग्रेस पर परोक्ष हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बंसल सहित ‘सभी आदर्श उम्मीदवारों’ को पुरस्कृत किया गया है।
आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर विवादों में घिरे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनावों के लिए उतारने का फैसला किया था। मोदी ने ‘खराब प्रशासन’ के लिए कांग्रेस नीत संप्रग पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘खराब प्रशासन डायबिटीज की तरह है जो स्वस्थ मानव शरीर को भी खोखला कर देता है। इसी तरह खराब प्रशासन का देश पर ऐसा ही प्रभाव पड़ता है। वह खोखला बना देता है और विकास को बाधित कर देता है।’
चंडीगढ़ से पार्टी उम्मीदवार किरण खेर के पक्ष में आज शाम यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों से भाजपा को 60 महीने का अवसर देने की अपील की क्योंकि उन्होंने कांग्रेस को 60 वर्षों तक जांचा और परखा है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल पर तीखा प्रहार किया जो पांचवीं बार संसद पहुंचने के लिए मैदान में हैं और उनके भांजे को पिछले वर्ष नौकरी के बदले धन मामले में गिरफ्तार किया गया था। बंसल पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा, ‘जब तूफान आता है तो पवन के बारे में कोई नहीं सोचता। यह तूफान अगले 10 वर्षों में सुनामी बन जाएगा।’ (एजेंसी)

Trending news