मोदी को फिर से पढ़ना चाहिए इतिहास: सोनिया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस तरह भाषण दे रहे हैं जैसे सबसे ज्यादा पाक-साफ हैं। उन्होंने मोदी को आजादी के बाद देश को गरीब राष्ट्र से प्रगतिशील देश में बदलने में कांग्रेस के योगदान के बारे में जानने के लिए फिर से इतिहास पढ़ने की सलाह भी दी।

मुजफ्फरपुर (बिहार) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस तरह भाषण दे रहे हैं जैसे सबसे ज्यादा पाक-साफ हैं। उन्होंने मोदी को आजादी के बाद देश को गरीब राष्ट्र से प्रगतिशील देश में बदलने में कांग्रेस के योगदान के बारे में जानने के लिए फिर से इतिहास पढ़ने की सलाह भी दी।
सोनिया गांधी ने यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी आज कल लेक्चर देते फिर रहे हैं कि एक वे ही दूध के धुले हैं।’’ कांग्रेस पर कुछ नहीं करने के मोदी के आरोपों पर पटलवार करते हुए सोनिया ने उन्हें सलाह दी कि सच जानने के लिए वे फिर से इतिहास पढ़ें।
उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के बाद के 67 साल के शासन में कांग्रेस ने देश की एकता और अखंडता बनाये रखने के लिए अनेक बलिदान दिये हैं और इसे प्रगति के पथ पर बढ़ाने के लिए कई कदम उठाये हैं।’’ सोनिया के साथ राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह मंच साझा कर रहे थे।
रैली को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राज्य में इससे पहले औरंगाबाद, सासाराम या किशनगंज या अन्य कहीं भी सोनिया या राहुल गांधी की रैलियों में उनके साथ मंच पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद या अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता नहीं दिखाई दिये थे।
सोनिया ने मुजफ्फरपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार अखिलेश प्रसाद सिंह के लिए वोट मांगे और पड़ोस के वैशाली से चुनाव लड़ रहे रघुवंश प्रसाद सिंह के लिए भी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। देश में भ्रष्टाचार नहीं रोकने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराने पर मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अगर ऐसा ही है तो कांग्रेस आरटीआई क्यों लाती जिसने भ्रष्टाचार के अनेक मामले उजागर कराये।’’ सोनिया ने गुजरात में भ्रष्टाचार से लड़ाई करने में मोदी के ट्रैक रिकॉर्ड की भी बात की।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उनकी कैबिनेट में भ्रष्टाचार में लिप्त लोग हैं। पिछले 10 साल से लोकायुक्त का पद खाली पड़ा है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा का चुनावी एजेंडा देश के लिए नहीं बल्कि वोटों के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी ही स्थिति लोजपा की है जो भाजपा की नयी दोस्त है। उनका भी यही हाल है जो 17 साल से भाजपा के साथ थे और बार बार अपना चेहरा बदलते रहते हैं।’’
सोनिया के साथ मंच पर कांग्रेस के राज्य के प्रभारी सत्यव्रत चतुर्वेदी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी भी थे। सोनिया ने कहा कि पिछले कई साल से बिहार में कांग्रेस के सत्ता में नहीं रहने के बावजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने राज्य के विकास के लिए उदारता से धन दिया। उन्होंने कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की कुछ उपलब्धियां भी गिनाईं।
रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपने संक्षिप्त भाषण में 2002 के गुजरात दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नरेंद्र मोदी से ‘राजधर्म’ का पालन करने को कहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा शख्स देश का प्रधानमंत्री कैसे हो सकता है?’’ मुजफ्फरपुर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोनिया की रैली में एक घंटे से ज्यादा देरी हुई। उन्होंने 15 मिनट में अपना भाषण समाप्त किया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.