लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण आज , 14 राज्यों में 91 सीटों पर होगा मतदान

सोलहवीं लोकसभा के लिए नौ चरणों में होने वाले 10 राज्यों एवं 4 केंद्र शासित क्षेत्र की 91 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान होगा और इस संबंध में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं ।

नई दिल्ली: सोलहवीं लोकसभा के लिए नौ चरणों में होने वाले 10 राज्यों एवं 4 केंद्र शासित क्षेत्र की 91 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान होगा और इस संबंध में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं ।
दिल्ली, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, और चण्डीगढ़ में केन्द्रीय मंत्नी कमलनाथ, कपिल सिब्बल, शशि थरूर, अजय माकन, कृष्णा तीरथ, अजित सिंह के अलावा लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी के चुनावी किस्मत का फैसला 10 अप्रैल को होगा। इसके अलावा महात्मा गांधी के प्रपौत्न राजमोहन गांधी पूर्व केन्द्रीय मंत्नी पवन कुमार बंसल, कांग्रेस के प्रवक्ता एवं पूर्व अभिनेता राजब्बर, जया प्रदा, नगमा तथा पूर्व थल सेना अध्यक्ष वीके सिंह और भाजपा की प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी के किस्मत का भी फैसला गुरुवार को होगा।

गुरुवार को केरल की सभी 20 हरियाणा की सभी दस सीटों के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, ओडिशा की दस-दस सीटों के लिए भी मतदान होगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश की 9 सीटों, दिल्ली की सभी सात सीटों, बिहार की 6 सीटों, झारखंड की चार तथा छत्तीसगढ़, लक्षद्वीप, चंडीगढ़ तथा जम्मू-कश्मीर एवं अंडमान निकोबार की एक-एक सीटों के लिए मतदान होगा।तीसरे चरण में उडीसा की 21 में से 10 लोकसभा सीटों के अलावा विधानसभा की 70 सीटों के लिए भी मतदान होगा।
दिल्ली की 7 विधानसभा सीटों में चांदनी चौक, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली तथा नई दिल्ली शामिल है। इनमें केवल उत्तर पश्चिम दिल्ली सुरक्षित सीट है बाकी सामान्य सीटें हैं।
दिल्ली में मुख्य मुकाबला आप भाजपा तथा कांग्रेस के बीच है। चांदनी चौक में कांग्रेस के कपिल सिव्बल का मुकाबला आप के आशुतोष तथा भाजपा के हर्षवर्धन से है, जबकि पूर्वी दिल्ली में आप के राजमोहन गांधी, कांग्रेस के संदीप दीक्षित तथा भाजपा के महेश गिरी, पश्चिमी दिल्ली से आप के जरनैल सिंह, कांग्रेस के महाबल मिश्रा तथा भाजपा के प्रवेश वर्मा, उत्तर पूर्व दिल्ली से आप के आनंद कुमार, भाजपा के मनोज तिवारी और कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल उत्तर पश्चिम दिल्ली से कांग्रेस की कृष्णा तीरथ भाजपा के उदित राज और आप की राखी बिडलान से मुकाबला है। नई दिल्ली से कांग्रेस के अजय माकन, भाजपा की मीनाक्षी लेखी तथा आप के आशीष खेतान से मुकाबला है। दक्षिण दिल्ली से भाजपा के रमेश विधुड़ी, कांग्रेस के रमेश कुमार तथा आप के कर्नल देवेद्र सहरावत से मुकाबला है।
हरियाणा की अंबाला (सु), हिसार, सिरसा (सु), कुरूक्षेत्र, करनाल, भिवानी, महेन्द्रगढ़, गुड़गांव, फरीदाबाद, रोहतक और सोनीपत सीटों पर विभिन्न दलों के कुल 230 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों पर जिन प्रमुख नेताओं की चुनावी किस्मत दांव पर लगी है उनमें सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह एवं ओपी धनकड़, हजकां के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई और आप के योगेन्द्र यादव शामिल हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिन दस सीटों पर गुरुवार को मतदान होना है। उनमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर (सु) और अलीगढ़ शामिल हैं। इन सीटों पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह, भाजपा विधानमंडल दल के नेता हुकुम सिंह, पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह, बॉलीवुड कलाकार राजबव्बर, मशहूर अदाकारा जयाप्रदा और नगमा सहित 146 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। वर्ष 2009 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा को चार, रालोद को तीन, भाजपा से दो एवं समाजवादी पार्टी (सपा) को एक सीट मिली थी।
बिहार में जिन छह सीटों पर मतदान होना है उनमें सासाराम (सु), काराकाट, औरंगाबाद, गया (सु), नवादा और जमुई (सु) संसदीय क्षेत्र शामिल है। इन क्षेत्रों में लोकसभा की अध्यक्ष मीरा कुमार, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, राज्य के अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांति सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
झारखंड की चार सीटों चतरा, कोडरमा, लोहरदगा (सु) और पलामू (सु) पर कुल 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। करीब 56 लाख मतदाता 7058 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
ओडिशा की जिन दस लोकसभा सीटों पर मतदान होना है उनमें सुंदरगढ़, बारगढ़, संबलपुर, बोलनगीर, कालाहांडी, नवरंगपुर, कंधमाल, अस्का, बरहामपुर और कोरापुट शामिल हैं। चंडीगढ़ की एकमात्न लोकसभा सीट के लिए 10 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन मुख्य रूप से मुकाबला कांग्रेस के निवर्तमान सांसद और पूर्व रेल मंत्नी पवन कुमार बंसल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की किरण खेर और आम आदमी पार्टी (आप) की गुल पनाग के बीच है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी जन्नत जहां भी यहां से चुनाव मैदान में हैं। यहां के 332888 पुरुष और 281051 महिलाओं समेत 613939 मतदाता इनकी चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।
महाराष्ट्र में 10 अप्रैल को होने वाले पहले चरण में जिन 10 सीटों पर मतदान होना है उनमें नागपुर भंडारा, गोंदिया, अकोला, बुलढाना, चंद्रपुर, रामटेक, गढ़चिरोली, वर्धा, यवतमाल, वाशिम और अमरावती शामिल हैं।
नागपुर से भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भंडारा, गोंदिया सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रत्याशी एवं केन्द्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल और वर्धा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांग्रेस प्रत्याशी मुकुल वासनिक मैदान में है। यहां के एक करोड़ 21 लाख 75 हजार 662 मतदाता 201 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें से 90 प्रत्याशी निर्दलीय और 15 महिलाएं हैं। इस बार आम आदमी पार्टी की अंजलि दमानिया भी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं।
केरल की 20 लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में इस बार छह केंद्रीय मंत्री अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से कांग्रेस के पांच शशि थरूर, केवी थामस, के सुरेश, एम रामचंद्रन और केसी वेणुगोपाल हैं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री ई अहमद भी चुनावी मैदान में हैं।
लक्षद्वीप की एक मात्र लोकसभा सीट पर छह प्रत्याशी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां 50 हजार मतदाता हैं और यहां कांग्रेस नेता हमदुल्ला सईद की प्रबल दावेदारी है। उनके पिता पीएम सईद 1967 से 1999 तक लगातार चुनाव जीतते रहे थे। जम्मू कश्मीर में भी एक ही सीट पर मतदान होना है।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए पांच निर्दलीय समेत 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। केंद्र शासित प्रदेश के दो लाख 57 हजार 856 मतदाता 10 अप्रैल को इनके चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.