शिमोगा पर प्रभुत्व फिर से जमाने की कोशिश में येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा शिमोगा संसदीय सीट से अपने राजनीति केरियर का सबसे अहम चुनाव लड़ रहे हैं और राज्य की राजनीति और भाजपा के अंदर अपना प्रभुत्व फिर से स्थापित करने के लिए वह नरेंद्र मोदी के नाम का सहारा ले रहे हैं।

शिमोगा (कर्नाटक) : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा शिमोगा संसदीय सीट से अपने राजनीति केरियर का सबसे अहम चुनाव लड़ रहे हैं और राज्य की राजनीति और भाजपा के अंदर अपना प्रभुत्व फिर से स्थापित करने के लिए वह नरेंद्र मोदी के नाम का सहारा ले रहे हैं।
भाजपा विरोधी पार्टियां अकसर राष्ट्रीय स्तर पर येदियुरप्पा का नाम भाजपा के भ्रष्टचार विरोधी मुददे को कुंद करने के लिए लेती हैं। कांग्रेस और जद (एस) भ्रष्टाचार को उनके खिलाफ हथियार बना रही है। वह कई बार यह साफ कर चुके हैं कि वह चुनाव लड़ना नहीं चाहते थे लेकिन पार्टी के मनाने पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि कई अन्य जगहों की तरह यहां भी मोदी की लहर है।
71 वर्षीय येदुरप्पा को जद (एस) की प्रत्याशी और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा की पुत्री गीता शिवाराजकुमार से कड़ी चुनौती मिल रही है। वह खुद को साफ और नया उम्मीदवार बताती हैं। उनके कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी मंजुनाथ भंडारी नए और युवा कार्यकर्ता हैं। उनकी उम्मीदवारी ने पार्टी की स्थानीय इकाई में कड़ुवाहट ला दी थी क्योंकि बंगारप्पा के पुत्र कुमार बंगारप्पा भी यहां से चुनाव लड़ने के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे थे। भाजपा में लौटने के बाद से येदुरप्पा पार्टी में अपनी जगह तलाश रहे हैं। पार्टी छोड़ने से पहले उनका पार्टी के साथ चार दशक पुराना साथ रहा था। इसलिए उनके लिए यह चुनाव बहुत निर्णायक हो जाता है।
वह मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांग रहे हैं। वह खुद को जननेता बताते हैं और कहते हैं कि उनके विरोधी हमला करने के लिए उन्हें निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वियों के बीच लड़ाई दूसरे नंबर के लिए हैं। कन्नड़ फिल्मों के प्रमुख अभिनेता शिवाराजकुमार की पत्नी गीता अपने पिता के आधार पर प्रचार कर रही हैं जिनका क्षेत्र में काफी सम्मान है। गीता ने कहा कि यहां कोई मोदी की लहर नहीं है। सिर्फ बंगारप्पा की लहर है। वहीं येदियुरप्पा की बेटियां भी उनको प्रचार में मदद कर रही हैं। उनकी सबसे छोटी बेटी एसवाई उमादेवी सोशल साईट्स पर प्रचार को प्रबंधन कर रही हैं। उनकी दो अन्य बेटियां और दो बहुएं महिलाओं की सभाओं को संबोधित कर रही हैं ताकि वह उनके लिए समर्थन हासिल कर सकें।
यहां से आम आदमी पार्टी ने इंजीनीयर एंव सामाजिक कार्यकर्ता केजी श्रीधर को अपना प्रत्याशी बनाया है। यहां की आठ विधानसभा सीटों में से कांग्रेस का चार सीटों पर कब्जा है जबकि भाजपा के तीन विधायक हैं और जदस का एक सीट पर परचम लहरा रहा है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.