अजहरूद्दीन को पछाड़ सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान बने धोनी

महेंद्र सिंह धोनी भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले कप्तानों की सूची में मोहम्मद अजहरूद्दीन को पछाड़कर शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

जोहानिसबर्ग : महेंद्र सिंह धोनी भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले कप्तानों की सूची में मोहम्मद अजहरूद्दीन को पछाड़कर शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
धोनी ने गुरुवार को यहां पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 65 रन की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। भारतीय कप्तान के रूप में उनके नाम अब 152 मैचों में 58.64 की औसत से 5278 रन दर्ज हैं।
भारतीय कप्तान के रूप में अजहरूद्दीन ने 174 वनडे में 39.39 की औसत से 5239 रन बनाए थे। वनडे में 5000 से अधिक रन बनाने वाले सात कप्तानों की सूची में धोनी एकमात्र कप्तान हैं जिनका औसत 50 या इससे अधिक का है।
विराट कोहली ने इस मैच में 31 रन बनाए और इस साल 32 मैचों में 55.13 की औसत से 1268 रन के साथ 2013 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं।
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलियर्स ने 47 गेंद में 77 रन की पारी खेली और वह इस साल 1000 या इससे अधिक रन बनाने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी और कुल सातवें बल्लेबाज बने। उन्होंने इस साल 25 मैचों में 50.04 की औसत से 1051 रन जुटाए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी के दौरान 13 छक्के जड़े जो भारत के खिलाफ रिकार्ड है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.