CWG 2014: नाईजीरियाई भारोत्तोलक डोपिंग की दोषी, भारतीयों को होगा फायदा
Advertisement

CWG 2014: नाईजीरियाई भारोत्तोलक डोपिंग की दोषी, भारतीयों को होगा फायदा

मात्सा संतोषी का महिलाओं के 53 किग्रा भार वर्ग में जीता गया कांसे का तमगा रजत पदक में बदल सकता है क्योंकि नाईजीरिया की स्वर्ण पदक विजेता चिका अमालाहा के ‘ए’ डोप नमूने को प्रतिबंधित अवयवों के लिये पॉजीटिव पाया गया है।

CWG 2014: नाईजीरियाई भारोत्तोलक डोपिंग की दोषी, भारतीयों को होगा फायदा

ग्लास्गो : मात्सा संतोषी का महिलाओं के 53 किग्रा भार वर्ग में जीता गया कांसे का तमगा रजत पदक में बदल सकता है क्योंकि नाईजीरिया की स्वर्ण पदक विजेता चिका अमालाहा के ‘ए’ डोप नमूने को प्रतिबंधित अवयवों के लिये पॉजीटिव पाया गया है।

एक अन्य भारतीय स्वाती सिंह इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थी और उन्हें अब कांस्य पदक मिल सकता है। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के मुख्य कार्यकारी माइक हूपर ने आज दैनिक पत्रकार सम्मेलन में घोषणा की कि अमालाहा को ‘बी’ नमूने का परिणाम आने तक खेलों से निलंबित कर दिया गया है।

हूपर ने कहा, उसने 53 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद जो ‘ए’ नमूना उपलब्ध कराया था उसे पॉजीटिव पाया गया है। हम इस समय सही उचित प्रक्रिया अपना रहे और इसके आगे बढ़ने तक वह निलंबित रहेगी।

उन्होंने कहा, हमें अभी कुछ भी अनुमान नहीं लगाना चाहिए। उसके बी नमूने की जांच होने के बाद ही हम पदकों का फिर से वितरण करने और अन्य उचित कार्रवाई के बारे में फैसला कर सकते हैं।  अमालाहा का मामला ग्लास्गो खेलों में डोपिंग से संबंधित पहला है।

हूपर ने कहा, हमारी बहुत अच्छा डोपिंग रोधी प्रणाली है और हम बेईमानी करने वालों को संदेश भेजना चाहते हैं कि उन्हें पकड़ लिया जाएगा। भारोत्तोलन को राष्ट्रमंडल खेलों के बनाये रखने के सवाल पर हूपर ने कहा, भारोत्तोलन हमारे कार्यक्रम में मुख्य खेलों में शामिल है। हमें इसे आसानी से नहीं हटायेंगे।

सोलह वर्षीय अमालाहा ने 25 जुलाई को ‘ए’ नमूना दिया था जिसमें डायुरेटिक्स और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ पाये गये। उनके ‘बी’ नमूने का 30 जुलाई को लंदन की प्रयोगशाला में परीक्षण किया जाएगा। अमालाहा ने स्नैच में 85 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 111 किग्रा भार उठाकर कुल 196 किग्रा के साथ स्वर्ण पदक जीता था। वह राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे कम उम्र में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारोत्तोलक बनी थी।

 

Trending news