कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की `चूक` ने डुबो दी टीम इंडिया की लुटिया

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट की दुनिया में बेहद सधे हुए फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट की दुनिया में बेहद सधे हुए फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। उनके अचूक और अजीबोगरीब फैसले से टीम इंडिया कई बार हारी हुई बाजी जीती है लेकिन दक्षिण अफ्रीका में जिस तरह टीम इंडिया पिटी है उससे उनके फैसले पर सवाल उठने लगे हैं।
तीन मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया की हार के पीछे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक गलत फैसला रहा जो उन्होंने पिछले दोनों मैचों में लिए थे। तीसरा मैच तो बारिश में धुल गया लेकिन दोनों मैच में टीम इंडिया के सामने दक्षिण अफ्रीका को टक्कर देने का एक मौका था। टॉस दोनों मैच में धोनी ने जीता। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि पिच पहले बैटिंग के अनुकूल थी इसलिए धोनी को पहले बल्लेबाजी का फैसला करना चाहिए था। लेकिन धोनी ने पहले गेंदबाजी चुनकर हार की पटकथा लिख दी। जबकि टॉस के रुप में हाथ में आई बाजी उन्होंने विपक्षी के हाथ में थमा दी।
दूसरे वनडे मैच में धोनी चाहते तो इस गलती को नहीं दुहराते। लेकिन यहां भी वह चूक गए। बैटिंग पिच होते हुए भी उन्होंने फिर एक बार गेंदबाजी ही चुनी। हालांकि वह इस बात को जानते थे कि दक्षिण अफ्रीका एक बड़ा टारगेट रख सकता है जिसे बनाना बेहद मुश्किल हो सकता है। लेकिन धोनी यहां भी मात खा गए।
पहले मैच में तो धोनी ने गलती की लेकिन दूसरे मैच में टॉस जीतने के बाद भी यह गलती सुधारी जा सकती थी। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेकर। धोनी जानते हैं कि टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत उनकी बल्लेबाजी है, गेंदबाजी नहीं। टीम इंडिया में विराट, रोहित और शिखर जैसे सलामी बल्लेबाज टीम को बेहतर स्टार्ट देते आए है जिससे टीम विपक्षी टीम के खिलाफ बेहतर स्कोर खड़ा कर पाती है।
एक चूक और हो गई जिसके लिए सिर्फ धोनी को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है, उसके जिम्मेदार टीम इंडिया के कोच डंकन फ्लेचर भी हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ने अभ्यास कर पसीना तो खूब बहाया लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका की रणनीतियों को भांप पाने में नाकाम रही जिससे भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.