दिल्ली में राहुल ने प्रवासियों को लुभाया, भाजपा पर साधा निशाना
Advertisement

दिल्ली में राहुल ने प्रवासियों को लुभाया, भाजपा पर साधा निशाना

महाराष्ट्र और कर्नाटक में बाहरी लोगों पर निशाना साधने के मुद्दे पर भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि इससे तनाव फैला है जबकि उनकी पार्टी जाति, धर्म या क्षेत्र देखे बिना सभी लोगों पर ध्यान देती है।

fallback

नई दिल्ली : महाराष्ट्र और कर्नाटक में बाहरी लोगों पर निशाना साधने के मुद्दे पर भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि इससे तनाव फैला है जबकि उनकी पार्टी जाति, धर्म या क्षेत्र देखे बिना सभी लोगों पर ध्यान देती है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘कर्नाटक, महाराष्ट्र में वे तनाव फैलाते हैं। उत्तर प्रदेश के लोग महाराष्ट्र जाते हैं और शिवसेना के लोग उन्हें वहां से भगाते हैं। लेकिन यहां (दिल्ली और कांग्रेस शासित राज्यों में) हम प्यार और भाईचारे से रहते हैं। हम सभी को साथ रखना चाहते हैं।’’

राहुल ने कहा कि राजग की तुलना में संप्रग ने देश में ज्यादा बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है और महिलाओं समेत लोगों को सशक्त बनाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को एक समान देखते हैं। दिल्ली में हमारे लिए सभी बराबर हैं। वे हिंदू हों, मुस्लिम हों, सिख हों या ईसाई हों। वे किसी जाति या क्षेत्र से ताल्लुक रखते हों।’’ दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने उक्त विचार व्यक्त किये जहां 1980 के दशक में उनकी दादी इंदिरा गांधी ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया था।
चार दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राहुल की यह दूसरी रैली थी। वह मंगोलपुरी में भी एक जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने इससे लड़ने के लिए आरटीआई का अधिकार लोगों को दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘बंद दरवाजों में लिये जाने वाले फैसले सार्वजनिक होने लगे हैं। आप सरकार से कुछ भी पूछ सकते हैं।’’ राहुल के मुताबिक कांग्रेस विकास करने के साथ ही लोगों को सशक्त बनाने में भरोसा रखती है।
राहुल ने कहा, ‘‘हमने बिजली के मामले में, स्कूलों में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। हमने आपको सशक्त भी बनाया है। हमारी सोच आपके भला करने की है।’’ राजग के शासन में राजर्गों पर काम होने और संप्रग की सरकार के दौरान रक जाने के भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नीत सरकार ने वाजपेयी सरकार की तुलना में तीन गुना ज्यादा सड़कों का निर्माण किया है।
उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने सड़क, बिजली, अस्पताल और स्कूलों समेत बुनियादी ढांचों के निर्माण पर ज्यादा काम किया है।
राहुल ने मतदाताओं से अपील की कि शीला दीक्षित को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाएं। उनके शासनकाल में दिल्ली में अभूतपूर्व विकास हुआ है और उन्होंने राजधानी की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित अपने कामकाज को साबित करने का ट्रैक रिकार्ड रखती हैं लेकिन भाजपा बड़ी-बड़ी बातों और भाषणों में यकीन रखती है।
राहुल ने राजधानी में बड़ी संख्या में पूर्वांचल (पूर्वी उत्तर प्रदेश) के मतदाताओं को संदेश देते हुए अपने परिवार और शीला दीक्षित की कड़ी उत्तर प्रदेश से जोड़ी।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली का अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा दुनिया का दूसरा सर्वश्रेष्ठ हवाईअड्डा है। परिवहन की सुविधाओं को देखें। दिल्ली मेट्रो में रोज 20 लाख लोग सफर करते हैं। पहले बिजली की कमी होती थी लेकिन आज हमारे पास 24 घंटे बिजली है। पूरा बुनियादी ढांचा बदल गया है।’’
रैली में एकत्रित हुई भीड़ में से कुछ लोगों को रुकने के लिए और राहुल गांधी को सुनने के लिए मुख्यमंत्री को अपील करनी पड़ी। डीडीए मैदान में सुबह 10:30 बजे से इकट्ठे हुए कुछ लोगों का इंतजार लंबा होता जा रहा था। राहुल करीब 1 बजे मैदान में आए और कुछ मिनट बाद उन्होंने भाषण दिया। (एजेंसी)

Trending news