बेस्ट हड़ताल का दूसरा दिन, मुश्किल में हजारों यात्री

बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) चालक और कंडक्टरों से हड़ताल समाप्त करने के लिए बंबई उच्च न्यायालय द्वारा कहे जाने के बावजूद, इसके कर्मचारी आज लगातार दूसरे दिन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर और उपनगरों में हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई : बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) चालक और कंडक्टरों से हड़ताल समाप्त करने के लिए बंबई उच्च न्यायालय द्वारा कहे जाने के बावजूद, इसके कर्मचारी आज लगातार दूसरे दिन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर और उपनगरों में हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के सार्वजनिक बस सेवा, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के चालक और कंडक्टर नए कंप्यूटराईज समय निर्धारण व्यवस्था के विरोध में कल से हड़ताल पर हैं। बस सेवा आज प्रभावित रही जिसके कारण कार्यालय जाने वाले और परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों को परेशानी हुयी। बेस्ट की हड़ताल के कारण लोगों ने अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए ऑटो का सहारा लिया।
चालक और कंडक्टरों द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश को नहीं मानने के कारण बेस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। नाम नहीं बताने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि अदालत के आदेश के बावजूद अगर हड़ताल जारी रहती है तो महाराष्ट्र आवश्यक सेवा एवं रखरखाव अधिनियम (एमईएसएमए) के तहत हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बेस्ट प्रबंधन, यूनियन के नेताओं से बातचीत करने के लिए तैयार है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.